छत्तीसगढ़ की 1.59 लाख महिलाओं को मिलेगा उज्ज्वला योजना का लाभ

रायपुर. छत्तीसगढ़ के दूरस्थ आदिवासी अंचलों में रहने वाली महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर है कि उन्हें अब जल्द ही प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 25 लाख नए कनेक्शन देने का फैसला लिया है। इस फैसले से छत्तीसगढ़ की 1. 59 लाख महिलाओं को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, छत्तीसगढ़ में ’’सुशासन तिहार’’ और ’’नियद नेल्ला नार योजना’’ के तहत इसका लाभ दिया जाएगा। यह निर्णय छत्तीसगढ़ की लाखों माताओं-बहनों के जीवन में स्वच्छ ऊर्जा और स्वास्थ्य का उजाला लेकर आएगा।

इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, उज्ज्वला योजना ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में जो उजाला फैलाया है, वह आने वाले वर्षों में पूरे समाज के विकास का आधार बनेगा।

मिलेगा प्रदूषण रहित वातावरण

मुख्यमंत्री ने कहा, छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति हमेशा से परिवार और समाज की धुरी रही है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से उन्हें वह सम्मान मिला है जिसकी वे हकदार हैं। उन्होंने कहा, राज्य सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रत्येक पात्र बहन तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। भारत सरकार के इस निर्णय से छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में जीवन की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की महिलाएं अब प्रदूषण रहित वातावरण में जीवन जी सकेंगी। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना लंबे समय से चल रही है। प्रदेश में वर्तमान में लगभग 38 लाख महिलाएं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ प्राप्त कर रही हैं। इसके बावजूद इसकी मांग लगातार बना रही थी। केंद्र सरकार के फैसले से महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button