सबसे प्रभावशाली 109 हस्तियां चुनेंगी आईओसी प्रमुख, नीता अंबानी कर रही भारत की नुमाइंदगी

एथेंस. खेलों के सबसे शक्तिशाली संगठन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) का नया अध्यक्ष चुनने के लिए दुनिया के सबसे प्रभावशाली 100 से ज्यादा लोग गुरुवार को दक्षिण-पश्चिमी ग्रीक के एक लग्जरी रिसोर्ट में जुटेंगे। आईओसी के विशिष्ट क्लब के 109 मतदाताओं में कतर के अमीर समेत शाही परिवार के सदस्य, पूर्व सांसद, राजनयिक, अरबपति, व्यापारिक नेता, वर्तमान और पूर्व ओलंपिक एथलीट तथा ऑस्कर विजेता अभिनेत्री मिशेल योह शामिल हैं। इस क्लब में भारत की नुमाइंदगी रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी कर रही हैं। अध्यक्ष पद के सात दावेदारों में विश्व एथलेटिक्स के अध्यक्ष सेबेस्टियन कोए (ब्रिटेन), आईओसी कार्यकारी बोर्ड की सदस्य क्रिस्टी कॉवेंट्री (जिम्बाब्वे) शामिल हैं।

इनके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय स्की और स्नोबोर्ड फेडरेशन के अध्यक्ष जोहान एलियाश (ब्रिटेन-स्वीडन), आइओसी कार्यकारी बोर्ड के सदस्य प्रिंस फैसल अल हुसैन (जॉर्डन), अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग संघ के अध्यक्ष डेविड लैपर्टिएंट (फ्रांस), आइओसी के उपाध्यक्ष जुआन एंटोनियो समारांच जूनियर (स्पेन) और अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक महासंघ के अध्यक्ष मोरिनारी वतनबे (जापान) भी दावेदार हैं।

…तो पहली बार कमान संभालेगी महिला

क्रिस्टी कॉवेंट्री अध्यक्ष की दौड़ में एकमात्र महिला हैं। अगर वह जीतीं तो आईओसी के 131 साल के इतिहास में पहली महिला और पहली अफ्रीकी अध्यक्ष होंगी। क्रिस्टी से जब पूछा गया कि क्या बाख उनके लिए प्रचार कर रहे हैं तो उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता वह ऐसा कर रहे हैं। हालांकि 2013 से मेरे उनके साथ अच्छे संबंध हैं।

आईओसी का नया अध्यक्ष थॉमस बाख की जगह लेगा, जिनका कार्यकाल 23 जून को खत्म हो रहा है। क्रिस्टी कोवेंट्री को बाख की पहली पसंद माना जा रहा है, लेकिन कोए और समारांच जूनियर उन्हें कड़ी चुनौती दे सकते हैं। अध्यक्ष का चुनाव क्लब के 109 सदस्य गुप्त मतदान के जरिए करते हैं। अध्यक्ष का कार्यकाल आठ साल का होता है, जिसे एक बार चार साल के लिए नवीनीकृत किया जा सकता है।

क्रिस्टी कोवेंट्री, सेबेस्टियन कोए और समारांच जूनियर

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button