3% बढ़ा महंगाई भत्ता… सरकार ने जारी किया आदेश, जानें कब से मिलेगा लाभ

DA Hike Update: छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा के बाद इस पर अमल करते हुए आदेश जारी कर दिया है।

वित्त विभाग की ओर से शासन के समस्त विभागों के लिए जारी आदेश में बताया गया है कि राज्य शासन के कर्मचारियों को 1 सितंबर 2025 से सातवें वेतनमान में 58 प्रतिशत तथा छठवें वेतनमान में 252 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता स्वीकृत किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते की गणना मूल वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा। महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई राशि का भुगतान जनवरी 2026 से किया जाएगा।

कर्मचारियों को मिलेगा केंद्र के बराबर DA

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर्मचारियों के हित में यह घोषणा करते हुए कहा कि अब राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA Hike Update) मिलेगा। पहले यह 55 प्रतिशत था, जिसे अब 3 प्रतिशत बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दिया गया है। इस फैसले के बाद कर्मचारी संगठनों में खुशी का माहौल देखा गया है।

इन कर्मचारियों को होगा लाभ

इस निर्णय से राज्य के लगभग 3.9 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा, जो वर्तमान में राज्य के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत हैं। इसके साथ ही राज्य सरकार ने कर्मचारियों को समय पर पेंशन और सेवानिवृत्ति से जुड़े भुगतानों का भी आश्वासन दिया है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button