केंद्र से राज्य के खजाने में आए 3462 करोड़ रुपए, अब कई प्रोजेक्ट और विकास कार्यों को लगेंगे पंख

केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को 3,462 करोड़ रुपए देने की मंजूरी दी है। यह राशि कर हस्तांतरण के रूप में दी गई है। यह राशि पूंजीगत व्यय और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए दी गई है। यह 10 अक्टूबर 2025 को जारी किए जाने वाले सामान्य मासिक हस्तांतरण के अतिरिक्त है। इस मंजूरी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि व दशहरा जैसे पावन अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा दिया गया यह आवंटन छत्तीसगढ़ की जनता के लिए वास्तव में एक अनमोल उपहार है। यह राशि राज्य की वित्तीय संसाधनों को और अधिक सुदृढ़ करेगी। विकास परियोजनाओं को गति प्रदान करेगी और लोककल्याणकारी योजनाओं को नई ऊर्जा देगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार छत्तीसगढ़ को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सतत प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस सहयोग से प्रदेशवासियों का जीवन और अधिक खुशहाल व सुरक्षित बनेगा। बता दें कि आगामी त्योहारी मौसम को देखते हुए केंद्र सरकार ने 1 अक्टूबर 2025 को राज्य सरकारों को 1,01,603 करोड़ रुपए का अतिरिक्त कर हस्तांतरण जारी किया है।
केंद्र सरकार ने सभी राज्यों के लिए अलग-अलग राशि जारी की है। इसमें सबसे अधिक राशि उत्तरप्रदेश को दी गई है। उत्तरप्रदेश को 18227 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। इसके बाद बिहार को 10219 करोड़ रुपए मिले हैं। वहीं, पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश को 7976 करोड़ रुपए जारी हुए हैं। केंद्र सरकार ने राजस्थान को 6123 करोड़ रुपए दिए हैं।











