6800 करोड़ का निवेश प्रस्ताव, छत्तीसगढ़ में 3000 लोगों को मिलेंगे रोजगार के अवसर

दिल्ली में छत्तीसगढ़ सरकार के इंवेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में 6800 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले। इससे करीब 3000 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस मौके पर सीएम विष्णुदेव सहाय ने कहा, छत्तीसगढ़ देश का सबसे भरोसेमंद और तेजी से उभरता औद्योगिक डेस्टिनेशन है। इस निवेश से उद्योग और पर्यटन को बूस्टअप मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों को निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा, राज्य में ऊर्जा, खनिज,सक्षम मानव संसाधन और निवेशक-हितैषी नीति का ऐसा संयोजन मौजूद है, जो किसी भी उद्योग के लिए अत्यंत उपयुक्त वातावरण तैयार करता है। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के तहत अनुमतियां अब पहले की तुलना में अधिक तेज़ी और पारदर्शिता के साथ जारी हो रही हैं। छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाना आज पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है। राज्य में कोयला, लौह अयस्क, बॉक्साइट, टिन, लिथियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की उपस्थिति बड़े औद्योगिक और विनिर्माण क्षेत्र के लिए वरदान है।
उन्होंने कहा, हाल ही में आयोजित ’एनर्जी समिट’ में राज्य को साढ़े तीन लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और कई परियोजनाओं में कार्य प्रारंभ भी हो चुका है।

बस्तर से रायपुर तक निवेश की लहर: निवेश प्रस्ताव में पर्यटन, उद्योग क्षमता विस्तार, होटल निर्माण और वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट के लिए रुचि दिखाई। कार्यक्रम में शामिल कंपनियों ने कुल 6321.25 करोड़ के औद्योगिक निवेश और 505 करोड़ का पर्यटन निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस निवेश प्रस्ताव के साथ अब तक छत्तीसगढ़ को कुल 7.90 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। कार्यक्रम में स्टील और टूरिज़्म सेक्टर पर फोकस किया गया।
पर्यटन में ये प्रस्ताव
- मार्स विवान प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर द्वारा 217 कमरों वाले होटल के लिए 220 करोड़ निवेश इससे 522 लोगों को रोजगार
- हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट, तेलंगाना द्वारा वेलनेस रिसॉर्ट एवं शिक्षा केंद्र के लिए 200 करोड़ निवेश।
- विद्या इन, जशपुर द्वारा 52 कमरों के होटल हेतु 25 करोड़ का निवेश
- पीएसए रिज़ॉर्ट, जगदलपुर द्वारा 150 कमरों के एडवेंचर होटल एवं रिसॉर्ट के लिए 60 करोड़ निवेश, इससे 200 लोगों को रोजगार
- एपीएल अपोलो इंडस्ट्रीज छत्तीसगढ़ में 1200 करोड़ से 100 बिस्तरों का चैरिटी अस्पताल भी बनाएगी।
ग्रीन एनर्जी इनोवेशन ने कचरे से बिजली उत्पादन करने वाले 50 मेगावाट के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना के लिए 3,769 करोड़ का निवेश प्रस्तावित।
आरती कोटेड स्टील द्वारा 315 करोड़ निवेश प्रस्ताव एवं 550 रोजगार मिलने की संभावना।
एसडीआरएम मेटैलिक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्टील प्लांट एवं पावर यूनिट के लिए 195.75 करोड़ के निवेश प्रस्ताव से रोजगार 492 रोजगार।
आरएसएलडी बायोफ्यूल प्राइवेट लिमिटेड, चंडीगढ़ द्वारा इथेनॉल प्लांट के लिए 200 करोड़ के निवेश प्रस्ताव से 213 रोजगार।
जे.के. लक्ष्मी सीमेंट, राजस्थान द्वारा क्षमता विस्तार के लिए 1816.5 करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव, 110 रोजगार सृजन।
अरमानी ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़, रायपुर द्वारा मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निर्माण के लिए 25 करोड़ का प्रस्ताव, जिससे 200 युवाओं को रोजगार।
रेल मंत्री से भी चर्चा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान राज्य में रेल सुविधाओं के विस्तार, नए रेल प्रोजेक्ट्स के संचालन और चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की।











