बस्तर में लौट रही खुशी, 842 नक्सल प्रभावित परिवारों को मिला पीएम आवास का लाभ, सीएम ने पूछा हाल चाल

सुदूर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास की किरण पहुंच रही है। जिले के 842 नक्सल प्रभावित और आत्मसमर्पित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुकमा में आयोजित राशि अंतरण कार्यक्रम से जुड़कर लाभार्थियों को योजना की प्रथम किश्त का ऑनलाइन हस्तांतरण किया।
सीएम साय ने पूछा हाल चाल
जिला पंचायत सभाकक्ष सुकमा में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोंटा विकासखंड के जगरगुंडा पंचायत के निवासी और नक्सल प्रभावित हितग्राही कृष्णा गोरला से सीधे संवाद किया। उन्होंने कृष्णा से परिचय प्राप्त किया और उन्हें आवास योजना की पहली किश्त मिलने पर बधाई देते हुए उनके घर के सपने के साकार होने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव और जिला पंचायत सीईओनम्रता जैन भी उपस्थित रहीं। उन्होंने बताया कि सुकमा जिले के 842 हितग्राहियों में कोंटा विकासखंड के 622, सुकमा के 130 और छिंदगढ़ के 90 परिवार शामिल हैं।

54.6% को योजना का लाभ दिया जा चुका है
बस्तर संभाग में पीएम आवास योजना के क्रियान्वयन में सुकमा जिला प्रथम स्थान पर है। जिले में पुनर्वास नीति के अंतर्गत लक्षित पात्र परिवारों में से 54.6% को योजना का लाभ दिया जा चुका है, वहीं शेष के लिए सर्वे का कार्य प्रगति पर है। यह भी उल्लेखनीय है कि जिले ने नियत नेल्लानार में आवास स्वीकृति, निर्माण कार्य और विशेष नक्सल प्रभावित परियोजना के तहत बेहतरीन प्रदर्शन कर बस्तर संभाग में शीर्ष स्थान हासिल किया है।











