अब सरकारी स्कूलों में पढ़ाई होगी महंगी! छत्तीसगढ़ सरकार ने बढ़ाई फीस, आदेश जारी

छत्तीसगढ़ में पढ़ाई अब महंगी हो गई है। सरकार ने आगामी नए शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों की फीस में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में अलग-अलग मदों में ली जाने वाली फीस में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। बता दें कि लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने फीस संशोधन का प्रस्ताव स्कूल शिक्षा विभाग को भेजा गया था। जिस पर मंजूरी मिलने के बाद सरकार ने फीस में बढ़ोतरी की घोषणा की है।
इनमें चीजों में बढ़ाई गई फीस
फीस बढ़ोतरी को लेकर विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि परीक्षा सामग्री, खेल सामग्री और विज्ञान प्रयोगशाला से जुड़ी सामग्रियों की लागत में वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं मंजूरी मिलने के बाद अब गरीब छात्र सहायता कोष 10 रुपए से बढ़ाकर 15 रुपए किया गया है। इसके अलावा एक्टिविटी फीस 50 रुपए से बढ़ाकर 65 रुपए कर दी गई है। इसी प्रकार खेलकूद फीस 50 रुपए से बढ़ाकर 65 रुपए तथा साइंस प्रैक्टिकल फीस भी 50 रुपए से बढ़ाकर 65 रुपए कर दी गई है। साइंस क्लब फीस 20 रुपए से बढ़कर 25 रुपए होगी, जबकि स्काउट गाइड फंड 50 रुपए से बढ़ाकर 60 रुपए कर दिया गया है।
अभिभावकों पर पड़ेगा आर्थिक बोझ
हायर सेकंडरी एक्टिविटी फीस में भी वृद्धि करते हुए इसे 50 रुपए से बढ़ाकर 75 रुपए किया गया है। हालांकि रेडक्रॉस फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पूर्ववत 30 रुपए ही रहेगी। बता दें कि इस बढ़ोतरी से प्रदेश के 44 लाख छात्रों पर असर पड़ेगा। अभिभावकों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा। प्रदेश में प्रदेश में करीब 56 हजार स्कूल संचालित हैं, जिनमें लगभग 56 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें से 44 लाख से अधिक छात्र सरकारी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं।
इधर धमतरी में खुलेगा सैनिक स्कूल
धमतरी जिले के गौरवशाली इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुडऩे जा रहा है। मुख्यमंत्री और राज्य प्रशासन की विशेष पहल पर धमतरी में 500 सीटों की क्षमता वाले अत्याधुनिक सैनिक स्कूल की स्थापना की तैयारी अंतिम चरण में है। राज्य स्तर से हरी झंडी मिलने के बाद अब इसका विस्तृत प्रस्ताव केंद्रीय रक्षा मंत्रालय (एमओडी) को प्रेषित कर दिया गया है। यह न केवल रायपुर संभाग बल्कि छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा सैनिक स्कूल होगा, जो प्रदेश के युवाओं के लिए भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने के सपनों को नई उड़ान देगा।











