बुंदेलखंड बुल्स पर भारी पड़ीं ग्वालियर की शेरनियां

Gwalior's Lionesses Outshine Bundelkhand Bulls

इंदौर। उन्नति बागोरा (छह विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद कप्तान नुजहत परवीन (नाबाद 44 रन) की जिम्मेदारी भरी पारी की मदद से ग्वालियर शेरनीज ने मप्र लीग टी-20 टूर्नामेंट के महिला वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया। शुक्रवार को होलकर स्टेडियम में खेले गए मैच में ग्वालियर शेरनीज ने बुंदेलखंड बुल्स को आठ विकेट से पराजित किया।

अपना दूसरा ही मैच खेल रहीं ग्वालियर शेरनीज की स्पिनर उन्नति बगोरा बुंदेलखंड बुल्स के बल्लेबाजीक्रम को तहस-नहस कर दिया। इस राइट-आर्म स्पिनर ने मैच में सिर्फ 15 रन देते हुए छह विकेट चटकाए। जिसके चलते बुंदेलखंड बुल्स की टीम 20 ओवर में सिर्फ 93 रन बना सकी। बुंदेलखंड बुल्स ने सधी हुई शुरुआत की और यशस्वी बोहारे व मुस्कान बिस्वास ने ओपनिंग विकेट के लिए 37 रन जोड़े।

उन्नति बागोरा ने पूरा मैच बदल दिया

यशस्वी 23 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट होने वाली पहली खिलाड़ी थीं, जबकि उनके ठीक बाद मुस्कान भी 35 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद गेंदबाजी करने आईं उन्नति बागोरा ने पूरा मैच बदल दिया। नियमित अंतराल पर विकेट लेते हुए बुंदेलखंड बुल्स टीम की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया। खुशी यादव ने चार ओवरों में 11 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट करते हुए अपनी टीम को योगदान दिया।

आशना और नुजहत ने 53 रनों की साझेदारी की

तन्वी उपाध्याय ने अपने दो ओवरों में 18 रन देकर एक विकेट लिया। जवाब में सलामी बल्लेबाज आशना पाटीदार और कप्तान नुजहत परवीन ने 53 रनों की मजबूत साझेदारी की नींव रखी। पाटीदार ने 32 गेंदों में 26 रनों की संयमित पारी खेली, जिसके बाद वह आउट हो गईं।

ग्वालियर की टीम ने एक दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से अपना एक और विकेट गंवा दिया, जब परवीन का सीधा शाट गेंदबाज से टकराकर नान-स्ट्राइकर एंड पर स्टंप्स से जा लगा, जिससे ईशाना स्वामी तीन रन के निजी स्कोर पर आउट हो गईं।

टीम को आसानी से जीत दिलाई

हालांकि, परवीन और सौम्या तिवारी ने सुनिश्चित किया कि आगे कोई परेशानी न हो। इस जोड़ी ने लक्ष्य का पीछा करने की प्रक्रिया को पूरी तरह से नियंत्रण में रखा और टीम को आसानी से जीत दिलाई। परवीन ने अपनी अच्छी फार्म जारी रखते हुए 46 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए, जबकि तिवारी ने 11 गेंदों में नाबाद नौ रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। इसी कारण टीम को जीत मिली।

Back to top button