29-30 जून को सजेगा रामगढ़ महोत्सव

Ramgarh Festival to be held on June 29-30.

आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रायपुर । छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत के प्रतीक रामगढ़ महोत्सव 2026 का आयोजन आगामी 29 एवं 30 जून को दो दिवसीय रूप में किया जाएगा। आषाढ़ प्रथम दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने सरगुजा कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने विकासखंड उदयपुर स्थित रामवनगमन पर्यटन परिपथ स्थल एवं विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला रामगढ़ का निरीक्षण किया।

कलेक्टर श्री वसंत ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर हेलीपैड, मुख्य मंच, पार्किंग, पंडाल, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शनी एवं विभागीय स्टॉलों की तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभागवार दायित्वों की समीक्षा की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, आगंतुकों के लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की गरिमा और भव्यता के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं ताकि आने वाले पर्यटकों, कलाकारों और आम नागरिकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।

उल्लेखनीय है कि रामगढ़ महोत्सव प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम है। महोत्सव में जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, इतिहास एवं संस्कृति प्रेमियों, पर्यटकों तथा आम नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता होने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री वीरेंद्र चौधरी, एसडीएम श्री रामराज सिंह, जनपद पंचायत उदयपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वेद प्रकाश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Back to top button