QCI रैंकिंग में धमतरी पॉलिटेक्निक तीसरे स्थान पर

Dhamtari Polytechnic ranked third in QCI ranking

​राष्ट्रीय स्तर की संस्था QCI के कड़े मूल्यांकन में धमतरी के शासकीय पॉलिटेक्निक ने मारी बाजी

​100 से अधिक विद्यार्थियों को मिला ऑन-कैंपस रोजगार, मारुति सुजुकी और टाटा जैसी बड़ी कंपनियों में चयन

​विद्यार्थियों को मिला अधिकतम 5 लाख रुपये का सालाना पैकेज

रायपुर । तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर प्लेसमेंट के मामले में धमतरी जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में एक नई मिसाल पेश की है। भारतीय गुणवत्ता परिषद (Quality Council of India – QCI) द्वारा प्रदेश के शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के किए गए व्यापक मूल्यांकन में भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में तृतीय (तीसरा) स्थान हासिल किया है।

​संस्थान की इस बड़ी कामयाबी पर धमतरी कलेक्टर ने कॉलेज प्रबंधन, प्राध्यापकों और छात्रों को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए एक गौरवपूर्ण मील का पत्थर बताया है।

​इन कड़े मानकों पर खरा उतरा संस्थान

​भारतीय गुणवत्ता परिषद (QCI) ने प्रदेशभर के संस्थानों का मूल्यांकन बेहद कड़े मापदंडों के आधार पर किया था। इसमें मुख्य रूप से ​शैक्षणिक गतिविधियां और डिजिटल शिक्षण संसाधनों का विस्तार,​आधुनिक अधोसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर), प्रयोगशालाओं का विकास,​उद्योगों के साथ समन्वय  और कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण,​रोजगार, नियोजन (प्लेसमेंट) और संसाधनों का प्रभावी उपयोग शामिल है।

​    कलेक्टर ने कहा कि भोपाल राव पवार पॉलिटेक्निक द्वारा राज्य में तीसरा स्थान पाना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। जिला प्रशासन तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख और उद्योगों की जरूरत के हिसाब से ढालने के लिए हर संभव सहयोग देता रहेगा।

​सफलता का दोहरा जश्न: 100 से अधिक छात्रों को मिला प्लेसमेंट

​संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि QCI रैंकिंग में टॉप-3 में आने के साथ ही इस वर्ष कॉलेज में बंपर प्लेसमेंट भी हुआ है। वर्ष 2026 में पास आउट हुए 120 विद्यार्थियों में से 100 से अधिक छात्रों का देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन हो चुका है, जबकि शेष छात्रों के चयन की प्रक्रिया भी जारी है। चयनित छात्रों को 5 लाख रुपए का​अधिकतम वार्षिक पैकेज,​औसत वार्षिक पैकेज 3.03 लाख रुपए तथा ​न्यूनतम वार्षिक पैकेज 1.80 लाख रुपए दिया जाएगा

​देश की इन दिग्गज कंपनियों ने दिया रोजगार

​कॉलेज के छात्रों को देश और राज्य की नामी कंपनियों में काम करने का अवसर मिला है। चयनित छात्र मारुति सुजुकी, टाटा ईवी मोटर्स, नुवोको विस्टा, वेलस्पन (गुजरात), श्री बालाजी इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स (भिलाई), अपोलो बिल्डिंग प्रोडक्ट्स (रायपुर), फिक्सिंग डॉट, केसर अर्थ सॉल्यूशंस, डाइकिन एसी, आइकॉन सोलर, महेन्द्र कंस्ट्रक्शन और रिको ऑटो इंडस्ट्री (हरियाणा) जैसी कंपनियों में अपनी सेवाएं देंगे।

​संस्थान प्रबंधन ने इस बड़ी सफलता का पूरा श्रेय विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, पूर्व छात्रों और सभी कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और सामूहिक प्रयास को दिया है। यह उपलब्धि धमतरी ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था के लिए प्रेरणादायक है।

Back to top button