बीवीज़ेडआई वैगनों में ट्रेन प्रबंधक की सुविधाओं के उन्नयन हेतु आधुनिक संशोधन
Modern modifications to upgrade train manager facilities in BVZI wagons.

रायपुर- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का वैगन रिपेयर शॉप (डब्ल्यूआरएस), रायपुर द्वारा कुल 300 बीवीज़ेडआई वैगनों (गार्ड वैन) में ट्रेन प्रबंधक (गार्ड) की कार्य सुविधाओं के उन्नयन का कार्य किया जा रहा है। प्रथम चरण में 05 बीवीज़ेडआई वैगनों में आरडीएसओ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से युक्त संशोधन सफलतापूर्वक किए गए हैं।
इन संशोधनों के अंतर्गत ट्रेन प्रबंधक के केबिन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं आरामदायक बनाया गया है। केबिन की दीवारों पर फ्लेक्स ग्राफिक्स फिल्म लगाई गई है, जिससे केबिन का स्वरूप आकर्षक होने के साथ-साथ उसकी साफ-सफाई भी आसान हो गई है। कपड़े एवं बैग रखने के लिए कोट हुक तथा पेयजल की बोतल को सुरक्षित रखने हेतु बोतल होल्डर की व्यवस्था की गई है।
ट्रेन प्रबंधक के कार्य को अधिक आरामदायक एवं सुविधाजनक बनाने के लिए एर्गोनॉमिक डिज़ाइन वाली 360 डिग्री घूमने वाली रिवॉल्विंग चेयर तथा फुट रेस्ट उपलब्ध कराया गया है। केबिन में टिकाऊ, फिसलन-रोधी एवं रसायन-प्रतिरोधी पॉलीअमाइन एपॉक्सी रेज़िन फ्लोरिंग की गई है। साथ ही एलईडी लाइट, पंखा, स्विच बोर्ड एवं सुरक्षित लॉकयुक्त दरवाजे की व्यवस्था भी की गई है।
संचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वॉकी-टॉकी स्टैंड लगाया गया है, जिससे उपकरण व्यवस्थित एवं आसानी से उपलब्ध रह सके। केबिन की विद्युत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बैटरी बॉक्स सहित बैटरी स्थापित की गई है तथा बैटरी को चार्ज करने एवं स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वैगन की छत पर सोलर पैनल भी लगाया गया है।
इन संशोधनों से ट्रेन प्रबंधकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक कार्य वातावरण प्राप्त होगा। बेहतर प्रकाश व्यवस्था से रात्रिकालीन कार्य अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा। पंखे की सुविधा से कार्य के दौरान आराम मिलेगा, जबकि रिवॉल्विंग चेयर, फुट रेस्ट एवं अन्य एर्गोनॉमिक सुविधाएं लंबे समय तक कार्य करने के दौरान थकान को कम करने में सहायक होंगी। साथ ही वॉकी-टॉकी स्टैंड एवं अन्य सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं से कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।
यह प्रयास भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, कर्मचारी कल्याण तथा सुरक्षित एवं दक्ष मालगाड़ी संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में शेष बीवीज़ेडआई वैगनों (गार्ड वैन) में भी इसी प्रकार के संशोधन चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे, जिससे ट्रेन प्रबंधकों को बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।







