क्रेडा की सौर योजनाओं से दूरस्थ गांव रोशन
Remote villages illuminated by CREDA's solar schemes

जिले में 101 सोलर पावर प्लांट से 2,993 परिवार रोशन, 339 सोलर होम लाइट भी स्थापित
रायपुर। जिले के दुर्गम, पहुंचविहीन, विद्युतविहीन एवं वनांचल क्षेत्रों में जहां परंपरागत बिजली की सुविधा पहुंचाना कठिन है, वहां छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा सौर ऊर्जा के माध्यम से ग्रामीण विद्युतीकरण का कार्य किया जा रहा है।
जिला क्रेडा अधिकारी ने जानकारी दी है कि ग्राम विद्युतीकरण योजना के तहत जिले के विभिन्न मजराटोलों एवं पारों में 101 सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए हैं, जिनकी कुल क्षमता 496 किलोवाट है। इन संयंत्रों के माध्यम से 2,993 परिवारों को सौर ऊर्जा से विद्युतीकृत किया गया है।
ऐसे दूरस्थ एवं बिखरी बसाहट वाले क्षेत्रों में, जहां सोलर पावर प्लांट स्थापित करना आर्थिक रूप से व्यवहारिक नहीं है, वहां 339 सोलर होम लाइट के माध्यम से घरों को रोशनी उपलब्ध कराई गई है। प्रत्येक सोलर होम लाइट की क्षमता 200 वाट है और इनकी कुल स्थापित क्षमता 67.8 किलोवाट है। प्रत्येक घर में 8 वाट क्षमता के पांच एलईडी बल्ब, 15 वाट का एक पंखा तथा मोबाइल चार्जिंग के लिए यूएसबी पोर्ट की सुविधा दी गई है।
नटवाही के चेरवापारा में 54 घर सौर ऊर्जा से रोशन
जिले के नटवाही (चेरवा पारा) में 8 किलोवाट क्षमता का सौर संयंत्र स्थापित किया गया है। क्रेडा द्वारा इस संयंत्र से 54 घरों को घरेलू विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराकर बिजली की आपूर्ति की जा रही है। यह संयंत्र पिछले पांच वर्षों से संचालित है और दूरस्थ बसाहट के परिवारों को सौर ऊर्जा के माध्यम से विद्युत सुविधा उपलब्ध करा रहा है।











