रायपुर मंडल में 22 अक्टूबर को होगा रेल जनसंवाद

A 'Rail Jansamvad' (public dialogue) will be held in the Raipur division on October 22.

रेलवे अधिकारी यात्रियों एवं आमजन से करेंगे सीधा संवाद, सुझावों और शिकायतों के निराकरण पर रहेगा विशेष जोर

रायपुर – रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल में विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत 22 अक्टूबर 2026 को रायपुर सहित मंडल के 36 रेलवे स्टेशनों एवं कोचिंग डिपो- दुर्ग, पीपी यार्ड- भिलाई, मंडल रेलवे चिकित्सालय -रायपुर, डीजल लोको शेड-रायपुर, इलेक्ट्रिक लोको शेड -भिलाई, मेमू शेड -भिलाई, उप मंडल रेलवे चिकित्सालय- भिलाई में एक दिवसीय ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से रेलवे प्रशासन यात्रियों एवं आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को जानेगा तथा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

जनसंवाद का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की अपेक्षाओं को समझना, उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना तथा रेलवे की सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, जवाबदेह एवं यात्री-केंद्रित बनाना है। साथ ही, आमजन की सहभागिता से रेलवे की व्यवस्थाओं को और अधिक उपयोगी बनाना है ।

यात्रियों से संवाद कर लिए जाएंगे महत्वपूर्ण सुझाव

कार्यक्रम के दौरान रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी स्टेशनों पर रेल यात्रियों, युवाओं तथा आम नागरिकों से संवाद करेंगे। इस दौरान यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता एवं अन्य रेल सेवाओं से संबंधित अनुभवों, सुझावों और शिकायतों को सुना जाएगा। प्राप्त प्रतिक्रियाओं एवं शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जनसंवाद के बाद चलेगा स्वच्छता अभियान

‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम के उपरांत संबंधित रेलवे स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं यात्री-अनुकूल बनाए रखने के साथ-साथ यात्रियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अभियान में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, यात्रियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है ।

मंडल रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे इस जनसंवाद में सक्रिय भागीदारी निभाएं, अपने बहुमूल्य सुझाव साझा करें तथा रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ एवं बेहतर बनाने में सहयोग प्रदान करें। यात्रियों की सहभागिता और सकारात्मक सुझाव रेलवे सेवाओं में निरंतर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Back to top button