राम नगर धान खरीदी केंद्र पहुंचे प्रभारी मंत्री बघेल
Minister-in-charge Baghel arrived at the Ram Nagar paddy procurement center.

किसानों से किया आत्मीय संवाद, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अन्नदाताओं का हित सर्वाेपरि, किसानों को धान बेचने में न हो कोई परेशानी : खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल
रायपुर । खाद्य मंत्री एवं सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल ने आज आदिम जाति सेवा सहकारी समिति रामनगर (शाखा-विश्रामपुर) स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर उपार्जन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में उपस्थित किसानों से आत्मीय संवाद कर धान खरीदी प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि एवं कृषि उन्नति के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का निर्णय अन्नदाताओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे किसानों को प्रति एकड़ 65 हजार 100 रुपये तक की राशि प्राप्त हो रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी व्यवस्था सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं की खुशहाली राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसानों के परिश्रम का उचित मूल्य और सम्मान सुनिश्चित करने के साथ खेती को लाभकारी बनाना सरकार का प्रमुख संकल्प है।











