DRM दयानंद ने दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड का किया निरीक्षण

DRM Dayanand inspected the Durg-Dalli Rajhara rail section.

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित बालोद एवं भानुप्रतापपुर स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं के विकास, स्टेशन परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रेलखंड में निर्माणाधीन रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के कार्यों का जायजा लिया। इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे मरौदा एवं दल्लीराजहरा स्टेशनों की स्टेशन बिल्डिंग एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप क्रियान्वयन की समीक्षा की। मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं रेल संरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि निर्माण गतिविधियों के कारण यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा रेल परिचालन सुचारु रूप से संचालित होता रहे।

Back to top button