Advertisement Here

Mere Ram: छत्तीसगढ़ में अयोध्या सा नजारा… चहुं ओर राम ही राम

अयोध्या में 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा से पहले संस्कारधानी में तीन दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत शनिवार से हो गई है। शहर पूरी तरह राममय हो गया है। अयोध्या की तरह शहर को सजा दिया गया है। हर गली-मोहल्ले में भक्तिमय गीत बज रहे हैं। राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी, मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे जैसे गीत लगातार बज रहे हैं। बच्चे राम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुहन और हनुमान वेशभूषा में स्कूल पहुंचे और उत्सव मनाया।

शनिवार को जय स्तंभ चौक से लेकर मानव मंदिर चौक तक 50 हजार दीये जलाए गए। साथ ही घर-घर दीप जलाकर दीपोत्सव की शुरुआत की गई। शहर का माहौल दीपावली की तरह हो गया है। इससे पहले प्रभु श्रीराम रथ पर सवार होकर निकले और श्रद्धालु पैदल ही शहर भ्रमण किए। हजारों की संख्या में लोग भगवान राम का जयकारा लगाते हुए शहर भ्रमण किए।

संस्कारधानी सनातनी धर्म सेवा परिवार द्वारा तीन दिवसीय दीप महोत्सव की शुरुआत शनिवार से की गई। पहले दिन मानव मंदिर चौक से जय स्तंभ चौक तक 50 हजार दीये जलाए गए। रविवार शाम को भारतमाता चौक से गंज चौक तक डेढ़ लाख मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। इसके बाद सोमवार को दिग्विजय स्टेडिय में ढाई लाख से अधिक दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। यहां राम की आकृति में दीप जलाए जाएंगे जो आकर्षण का केन्द्र होगा।

वनवासी वेशभूषा और भगवा गमछा की मांग

इस महोत्सव को लेकर शहर में भगवान राम के वनवासी वेशभूषा और भगवा गमछा के अलावा कुर्ता-पैजामा की मांग बढ़ गई है। रविवार को भी विविध धार्मिक आयोजन होंगे। सोमवार को महावीर चौक स्थित हनुमान मंदिर में लेजर शो होगा, तो वहीं स्टेडियम में ढाई लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button