Advertisement Here

छत्तीसगढ़ के 1 करोड़ से अधिक घरों में भाजपाई फहराएंगे तिरंगा

भाजपा का हर घर तिरंगा अभियान के मद्देनजर मंगलवार को पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में हुई। इसमें मार्गदर्शन करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, बिहार प्रदेश भाजपा के मंत्री और हर घर तिरंगा अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी गुरुप्रकाश पासवान मौजूद थे।

हर घर तिरंगा अभियान के लिए भाजपा संगठन ने अलग-अलग मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को घर-घर तिरंगा फहराने का जिम्मा सौंपा गया। भाजपा द्वारा प्रदेश के एक करोड़ से अधिक घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी और बिहार प्रदेश भाजपा मंत्री पासवान ने कहा, हर घर तिरंगा अभियान को एक वृहद रूप देना है। 11, 12 और 13 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान को पूरी ताकत के साथ सफल बनाना है। इस अभियान का नेतृत्व युवा मोर्चा द्वारा किया जाएगा और यह अभियान प्रत्येक विधानसभा में होगा।

महापुरुषों की प्रतिमा स्थल पर चलेगा स्वच्छता अभियान

बैठक में कार्यकर्ताओं को बताया गया कि 12, 13, एवं 14 अगस्त को प्रदेश के सभी स्मारक सहित स्मारक युद्ध स्मारक एवं शहीद प्रतिमाओं में स्वच्छता अभियान चलाकर माल्यार्पण का कार्यक्रम होगा। सोशल मीडिया और नमो ऐप के माध्यम से कार्यक्रम की फोटो एवं वीडियो अपलोड किया जाएगा।

प्रदेश एवं जिला स्तर पर पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी ताकि जनता में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत कर सके। संगठनात्मक ²ष्टि से 10 अगस्त तक प्रत्येक जिला मंडल एवं बूथ स्तर तक यह बैठक की जाएगी।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

पासवान ने बैठक में कहा, भाजपा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाएगी। इस दिन देश को दो टुकड़ों में बांटने का काम कांग्रेस ने किया। देश ने विभाजन का दंश झेला है। भाजपा एक वैचारिक स्तंभ को मानने वाली पार्टी है। इसी वजह से भाजपा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन कर रही है।

इसके तहत हर जिले में सेमिनार होगा। प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री पवन साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री ओपी चौधरी सहित अन्य नेताओं ने भी मार्गदर्शन किया।

प्रायश्चित के लिए भाजपा चला रही घर-घर तिरंगा अभियान: कांग्रेस

कांग्रेस ने भाजपा के घर-घर तिरंगा अभियान को नई राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, आजादी के बाद 52 वर्षों तक आरएसएस के मुख्यालय नागपुर में तिरंगा नहीं फहराया गया था। अपने पूर्वजों के पापों का प्रायश्चित करने भाजपाई तिरंगा अभियान की नौटंकी कर रहे हैं।

भाजपा द्वारा आजादी की 77वीं वर्षगांठ पर हर घर तिरंगा का अभियान स्वतंत्रता आंदोलन में भाजपा के काले इतिहास में पर्दा डालने की कोशिश मात्र है। कांग्रेस पार्टी के लिए तिरंगा स्वाभिमान का प्रतीक है, इसीलिए झंडे के तले कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी थी तथा देश को आजाद कराया।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button