नारी शक्ति: 25 सालों से महिलाओं के स्वास्थ्य की प्रहरी, अब तक 50 हजार को कर चुकी हैं जागरूक

महिलाओं को प्रजनन संबंधी समस्याओं और यौन रोगों के प्रति जागरूक करने के लिए पिछले 25 सालों से काम कर रही हैं जयपुर की मेजर डॉ. मीता सिंह। 66 वर्षीय मीता सिंह ने गांव-गांव जाकर अभी तक करीब 50 हजार महिलाओं को जागरूक किया है। उन्होंने महिला स्वास्थ्य में सुधार के साथ कन्या भ्रूण हत्या रोकने में काफी हद तक सफलता पाई है। इस प्रयास के लिए उन्हें वर्ष 2012 में भारत सरकार की ओर से नारी शक्ति सम्मान दिया गया। वह कहती हैं गांवों में लोगों की टीम बनाकर महिलाओं को जागरूक किया जाता है और स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के साथ स्वास्थ्य जांच भी की जाती है।

यूं हुई शुरुआत

सेना में 10 साल तक चिकित्सक के पद पर काम करने के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने नौकरी छोड़ महिला स्वास्थ्य पर काम करने पर जोर दिया। 1998 में वह जयपुर आ गई। वह कहती हैं कि 2000 में उन्हें केन्द्र सरकार के एक प्रोजेक्ट के साथ जुड़ने का मौका मिला। इसमें उन्हें कचरा चुनने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य के संबंध में काम करना था। इस दौरान उन्होंने पाया कि महिलाओं को स्वास्थ्य की सामान्य जानकारी न होने के कारण वे यौन रोगों से ग्रसित हो जाती हैं। उनकी हालत ने उन्हें एक मकसद दिया और उन्होंने कई समूहों के साथ मिलकर इस पर काम करना शुरू किया।

लोग गांवों में आने नहीं देते थे

वह कहती हैं कि जब हम जैसलमेर, गंगानगर, बाड़मेर, हनुमानगढ़ व झुंझुनूं के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से बातचीत के लिए जाते तो लोग हमें धमकियां देते और हमारी बात तक सुनने को तैयार नहीं होते। कई बार हमें लोगों के साथ संघर्ष तक का सामना करना पड़ा। इसलिए हमने ग्राम पंचायतों का सहारा लेकर लोगों को समझाया और कार्यशालाएं आयोजित करवाई। जिसमें लोगों को प्रजनन स्वास्थ्य और असुरक्षित यौन संबंधों से होने वाले नुकसान के लिए जागरूक किया गया।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button