UPSC 2024 Result: प्रयागराज की शक्ति टॉपर, 180 आईएएस, और 147 आईपीएस अधिकारी बनेंगे

नई दिल्ली. संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने मंगलवार को सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई)-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया। परीक्षा में प्रयागराज की शक्ति दुबे प्रथम स्थान पर रहीं। परीक्षा से सिविल सर्विस (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और ग्रुप ‘ए’ और ‘बी’ की केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए 1,009 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इनमें से 180 आईएस, 147 आईपीएस और 55 आईएफएस अधिकारी बनेंगे।
परीक्षा में मूल रूप से हरियाणा के रहने वाली हर्षिता गोयल ने दूसरा स्थान हासिल किया। वे कई सालों से गुजरात के वडोदरा में रह रही है। पुणे (महाराष्ट्र) के रहने वाले डोंगरे अर्चित पराग तीसरे स्थान पर रहे।

शीर्ष 25 में 11 महिला: यूपीएससी परीक्षा में टॉपर्स की सूची में महिलाओं की सफलता की दर बढ़ी है। शीर्ष 25 उम्मीदवारों में से 11 महिलाओं ने सफलता हासिल की। इसके साथ ही शीर्ष 10 में से पांच पर महिला अभ्यर्थियों को सफलता मिली। परीक्षा में सफल हुए कुल 1009 अभ्यर्थियों में 725 लड़के और 284 लड़कियां रही। वहीं, 1009 उम्मीदवारों में से 335 सामान्य श्रेणी के हैं। इसके अतिरिक्त 109 ईब्ल्यूएस, 318 ओबीसी, 160 एससी, 87 एसटी वर्ग के हैं। सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के बाद इंटरव्यू के लिए 2,845 अभ्यर्थियों ने क्वालीफाई किया था।
प्रयागराज की शक्ति दुबे ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उन्होंने 2018 में सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। उनके पिता देवेंद्र कुमार दुबे कहा कि पिछले वर्ष दो नंबर से सफलता न मिलने के बाद शक्ति थोड़ा परेशान थीं, लेकिन हार नहीं मानीं, तैयारी में लगी रहीं। शक्ति ने कहा कि, मैंने कई सालों तक कड़ी मेहनत की है। इस पल पर यकीन ही करना मुश्किल हो रहा था। शक्ति के पिता परिवहन विभाग में काम करते हैं। माता प्रेमा दुबे गृहणी हैं।
यूपीएससी के टॉपर-10
शक्ति दुबे
हर्षिता गोयल
डोंगरे अर्चित पराग
शाह मार्गी चिराग
आकाश गर्ग
कोमल पुनिया
आयुषी बंसल
राज कृष्ण झा
आदित्य विक्रम
मयंक त्रिपाठी