महिलाओं पर सेबी मेहरबान! म्यूचुअल फंड में पहली बार निवेश पर इन्सेंटिव देने की तैयारी

सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडेय ने शक्रवार को कहा कि बाजार नियामक म्यूचुअल फंड में पहली बार निवेश करने वाली महिला निवेशकों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन (इन्सेंटिव) शुरू करने की योजना बना रहा है।

पूंजी बाजार नियामक सेबी महिलाओं पर मेहरबान हो सकता है। सेबी ने म्यूचुअल फंड्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक बड़ी पहल की जानकारी दी है। सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडेय ने शक्रवार को कहा कि बाजार नियामक म्यूचुअल फंड में पहली बार निवेश करने वाली महिला निवेशकों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन (इन्सेंटिव) शुरू करने की योजना बना रहा है।

तुहिन कांत पांडेय ने म्यूचुअल फंड्स के संगठन एम्फी की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि जब तक महिलाओं की समान भागीदारी नहीं होगी, तब तक फाइनेंशियल इनक्लूजन अधूरा रहेगा। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हम पहली बार निवेश करने वाली महिला निवेशकों से होने वाले निवेश के लिए एक इन्सेंटिव देनेे का विचार कर रहे हैं।

छोटे शहरों पर फोकस

सेबी प्रमुख ने बताया कि यह कदम सेबी की उस हालिया प्रस्तावित योजना का विस्तार है, जिसमें बी30 शहरों यानी टियर-2 और टियर-3 शहरों में पहली बार व्यक्तिगत निवेशकों से निवेश के लिए डिस्ट्रीब्यूटर्स (वितरण एजेंटों) को प्रोत्साहित करने की बात कही गई थी। इस नई योजना का उद्देश्य न केवल नए प्रतिभागियों को जोड़ना है, बल्कि म्यूचुअल फंड की पहुंच उन क्षेत्रों तक बढ़ाना है जो अब तक इससे वंचित रहे हैं।

म्यूचुअल फंड वर्गीकरण पर समीक्षा

सेबी अध्यक्ष ने घोषणा की कि प्रोडक्ट इनोवेशन में अधिक लचीलापन प्रदान करने, क्लैरिटी में सुधार करने और योजनाओं के पोर्टफोलियो में ओवरलैप के मुद्दे को दूर करने के लिए सेबी म्यूचुअल फंड योजनाओं के वर्गीकरण की समीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि परामर्श प्रक्रिया से प्राप्त फीडबैक के आधार पर अगले कदम उठाए जाएंगे। इन उपायों से इंडस्ट्री को और अधिक पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल बनने में मदद मिलेगी। सेबी म्यूचुअल फंड रेगुलेशन को भी सरल बनाएगा।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button