Nari Shakti: गृहिणी से बनीं आइटी बिजनेस वुमन, पढ़ें सफलता की कहानी

साधारण गृहिणी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एक उद्योगपति बन त्रिशूर, की बिंदु विनोश ने साबित कर दिया है कि लगन और कौशल से सब कुछ प्राप्त किया जा सकता है। 45 वर्षीय बिंदु बताती हैं कि एक गृहिणी की पहचान के अलावा भी वह कुछ बनना चाहती थीं। उन्हें आइटी में रुचि थी, इसलिए उन्होंने इस संबंध में लोगों से काफी कुछ जाना।

इसके बाद उन्हें लगा कि वे इस क्षेत्र में काम कर सकती हैं, लेकिन समस्या थी, सीखने और समझने की चुनौती। उन्होंने खुद से ही सीखना शुरू कर दिया और यूट्यूब, ऑनलाइन कोर्सेज और विभिन्न तरह के प्रयोगों से क्षमताओं को निखारा। उन्हाेंने 2023 में दो लोगों के साथ मिलकर शुरू की गई कंपनी आज सालाना 25 लाख रुपए के टर्नओवर तक पहुंच चुकी है।

विश्वास का संदेश

वह बताती हैं कि हम लोगों को वेबसाइट डवलपमेंट, मोबाइल ऐप डिजाइन, डिजिटल मार्केटिंग और कस्टम सॉफ्टवेयर समाधान जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाते हैं। वह संदेश देती हैं कि अपनी मेहनत से एक गृहिणी भी आधुनिक तकनीक की दुनिया में न केवल कदम रख सकती है, बल्कि उसमें नेतृत्व भी कर सकती है।

शुरुआती चुनौतियां

वह बताती हैं कि उन्होंने डिजिटल दुनिया में कदम रखने का फैसला तब लिया, जब उनके बच्चे बड़े हो गए और उन्हें खुद के लिए समय मिला। उन्होंने खुद से वेबसाइट डिजाइनिंग और ऐप डेवलपमेंट सीखना शुरू किया। शुरुआती दौर में संसाधनों की कमी और तकनीकी चुनौतियों ने उन्हें कई बार पीछे खींचा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button