संजय श्रीवास्तव बोले- भाजपा का थीम सॉन्ग केवल एक गीत नहीं है, यह हमारे मिशन और विजन का प्रतीक है

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि प्रदेश में अब नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इस प्रदेश की जनता ने भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दिया। कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार के भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार के कारण प्रदेश की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि आम जनता के लिए नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव इस मायने में ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इन नगर व ग्राम सरकारों से उनका सीधा सरोकार होता है। श्री श्रीवास्तव बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत थीम सॉन्ग लॉन्चिंग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा जनता के बीच अपनी सरकार की उपलब्धियों को अच्छी तरह पहुँचा सके, इसलिए हम विभिन्न प्रकार की योजनाएँ लेकर आते हैं। हमारा घोषणा पत्र जारी हो गया। जब कांग्रेस आरोप पत्र ला रही थी, तब भाजपा घोषणा पत्र जारी किया कि हम जनता के बीच क्या करने जा रहे हैं? हमारी अन्य तैयारियाँ पिछले दो महीने से हो गई हैं। भाजपा के प्रचार अभियान में गीतों के माध्यम से प्रचार हमारा एक सशक्त माध्यम रहा है। हमारा प्रचार करने का तरीका ही अलग है।

हम आम आदमी तक अपनी बातों को भाषण, डिजिटल माध्यमों, गीत-संगीत, कला के माध्यम से पहुँचाते हैं। यह भाजपा के प्रचार का अपना एक अलग तरीका है। आज हमारे सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की टीम और मीडिया के साथियों ने मिलकर थीम सॉन्ग तैयार किया है, जिसके माध्यम से भाजपा सरकार की उपलब्धियों और नगर व ग्रामों के विकास के अपने विजन को हम सभी के सामने रखेंगे। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि थीम स़ॉन्ग केवल एक गीत-संगीत या कोई मनोरंजन का विषय नहीं है, बल्कि इन गीतों के माध्यम से हम अपने मिशन और विजन को रखने जा रहे हैं।

थीम सॉन्ग के गीतों में छत्तीसगढ़ की जनता की भावना सुनाई देगी : अनुज शर्मा*

भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने कार्यक्रमे को संबोधित करते हुए कहा कि निकाय चुनाव-प्रचार के लिए जिन गीतों को तैयार समर्पित किया जा रहा है, उनमें सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इन गीतों में आपको छत्तीसगढ़ की जनता की भावना सुनाई देगी।

क्रिएशन और इनोवेशन भाजपा की ताकत : अमित चिमनानी*

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए थीम सॉन्ग की लॉन्चिंग के कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए बताया कि भाजपा हमेशा इनोवेशन के लिए जानी जाती है।

भाजपा के इस थीम सॉन्ग लॉन्चिंग कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन जैन, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार व भाजपा नरेटिव टीम के संयोजक पंकज झा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सोमेश पांडेय व शशांक शर्मा भी उपस्थित रहे।

निकाय चुनावों के लिए लॉन्च हुए ये पाँच थीम सॉन्ग

भाजपा द्वारा नगरीय निकाय व त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के परिप्रेक्ष्य में बुधवार को लॉन्च किए गए थीम सॉन्ग्स न केवल भाजपा के मिशन व विजन को, बल्कि जनभावनाओं को भी व्यक्त करने वाले हैं। अपने सुमधुर बोल और कर्णप्रिय गायन व संगीत से भाजपा के पक्ष में यकीनन वातावरण को प्रभावोत्पादक बना रहे हैं। इन पाँच गीतों की श्रृंखला के गीतों के बोल इस प्रकार हैं :
(1)
बस बातें नहीं, काम किया है,
जन-जन का सम्मान किया है,
महतारी वंदन घर-घर है,
फसलों को भी दाम दिया है,
डबल इंजन पर इंजन लगाएंगे,
हर नगर में कमल खिलाएंगे,
बीजेपी का बटन दबाएंगे,
गली-गली कमल खिलाएंगे,
बीजेपी का बटन दबाएंगे,
हम नगर में कमल खिलाएंगे.(2)
विकास नगर का करना है,
हमें मिलकर आगे बढ़ना है,
दुनिया भी देख हैरान रहे,
प्रदेश को ऐसे गढ़ना है,
देश-प्रदेश में कमल खिलाकर
चुना है हमने विकास को,
अब नगर की बारी है मित्रों,
सब मिलकर यह आगाज दो,
आगाज दो, आगाज दो, आगाज दो,

हर नगर का नारा है, कमल हमारा,
हर नगर का नारा है, कमल हमारा.(3)
जिसने बनाया है वे ही सँवारेंगे,
हर दौर हम बीजेपी का साथ निभाएंगे,
निकायों से पंचायत तक कमल खिलाएंगे,
विष्णु के सुशासन पर मुहर लगाएंगे,
सामने कमल बटन है
हम बटन दबाएंगे,
मोदी जी के संकल्पों का भारत बनाएंगे,
निकायों से पंचायत तक हम कमल खिलाएंगे.(4)

सब दाई दीदी जाबो,
सब भाई-भौजाई जाबो
खिलाबो, कमल फूल,
संगी-संगवारी जाबो,
बेटी-महतारी जाबो,
खिलाबो कमल फूल,
पंचायत ले होही विकास लाके बीजेपी राज हो
मोदी जी के हे गारंटी अउ विष्णु के सुशासन
गांव के विकास ला जोड़बो हमर अंचल
खिलाबो कमल फूल.(5)
बढ़ाबो हम मिलके विकास के रफ्तार ला,
लाना हे हर शहर भाजपा सरकार ला,
नगर-नगर भाजपा
डगर-डगर बीजेपी,
गांव-गली घर-घर, हर शहर भाजपा.

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button