Advertisement Here

छत्तीसगढ़ सहित झारखंड की सभी सीटें जीत रही भाजपा, सीएम साय ने बताया कैसे

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को झारखंड में 3 जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने साहिबगंज जिले के बरहेट, पाकुड़ जिले के अमरापाड़ा और दुमका जिले के शिकारीपाड़ा में सभा कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। साय ने कहा, छत्तीसगढ़ में 7 मई को लोकसभा का चुनाव संपन्न हो चुका है और हम प्रदेश की सभी 11 की 11 सीटें जीत रहे हैं। उन्होंने झारखंड की जनता से प्रदेश की सभी 14 सीटें भाजपा को जीताकर पीएम मोदी को देने का आग्रह किया।

सीएम साय ने कहा, झारखंड के लोगों को जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने खूब भरमाया। हमेशा यही भ्रम फैलाते हैं कि मोदी और भाजपा सरकार आई तो यहां के जल, जंगल, जमीन को लूट लेगी। जबकि पूरे झारखंडवासियों को पता है कि यहां के जमीन को लूटने वाला एक मात्र आदमी यहां के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। झारखंड के लिए दुर्भाग्य की बात है कि आज यहां के पूर्व मुख्यमंत्री जमीन लूटने के मामले व माइंस के लिए जमीन लेने के मामले में जेल में हैं।

कांग्रेस और जेएमएम को चोर-चोर मौसेरे भाई

गठबंधन सरकार को घेरते हुए साय ने कहा, यहां की सरकार में मंत्री, कांग्रेस नेता आलमगीर आलम के पीए के घर से करोड़ों रुपए निकलता है। कांग्रेस के एक सांसद धीरज कुमार के यहां छापा पड़ता है तो उसके यहां से 351 करोड़ रुपए घर से निकलता है। ये सारा जनता का पैसा है। ये पैसा विकास में नहीं लग रहा है, ये पैसा सड़क, बिजली, पानी के लिए नहीं लग रहा है, बल्कि उन्होंने अपने ऐेशो-आराम के लिए रखा है, जो उनके घर से मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस और जेएमएम को चोर-चोर मौसेरे भाई बताते हुए जनता से उसे उखाड़ फेंकने की बात कही।

कांग्रेस ने किया पलटवार, बैज ने कहा— 4 जून को मोदी हो जाएंगे बेरोजगार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने फिर से भाजपा पर सियासी हमला बोला है। उन्होंने कहा, 4 जून को नरेंद्र मोदी बेरोजगार हो जाएंगे और देशभर के युवाओं, श्रमिकों और महिलाओं को रोजगार मिलेगा। उद्योगपति, व्यापारी बिना दबाव के व्यवसाय करेंगे। किसानों को उनकी फसल की सही कीमत मिलेगी। आम जनता को मूलभूत सुविधा मिलेगी। पूरे देश में मोदी सरकार और भाजपा के खिलाफ आक्रोश है।

जनता ने राहुल गांधी और कांग्रेस के 5 न्याय और 25 गारंटी पर भरोसा जताया है। दीपक बैज ने कहा, देश 10 साल से तानाशाही सोच और मनमानी करने वाली सरकार को बर्दाश्त कर रही थी, जनता को अब अवसर मिला तो तानाशाही खत्म करने के लिए मतदान किए हैं।

जनता ने मोदी सरकार के 10 साल के कुशासन, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गिरती अर्थव्यवस्था, आर्थिक असमानता और संविधान बदलने की नीयत, भ्रष्टाचार, मोदी सरकार की हम दो और हमारे दो की नीति से मुक्ति के लिए मतदान कर दिया है।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button