भाजपा ने कहा: सुशासन की जीत, कांग्रेस ने फिर चुनाव आयोग पर उठाया सवाल

बिहार में एनडीए गठबंधन की जीत की खुशी का असर छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय कैबिनेट और भाजपा कार्यकर्ताओं में देखने को मिला। शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक शुरू होने के पहले मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्रियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी, वहीं भाजपा कार्यालयों में जीत का जश्न मनाया गया। बिहार में एनडीए की बड़ी जीत पर कांग्रेस में तीखी बयानबाजी देखी गई। भाजपा ने जहां इस जीत को सुशासन, विकास और विश्वास की जीत बताया,वहीं कांग्रेस ने एक बार फिर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
राहुल व भूपेश कर देते हैं सफाया : रमन
बिहार चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और भूपेश बघेल की जोड़ी अद्भुत हैं, वे जहां-जहां भी जाते हैं। बाकी बचा हुआ भी खत्म कर देते हैं। यह सफर असम से शुरू हुआ है। ये भाजपा के लिए शुभ संकेत हैं। इन्हें जहां भी भेजा जाता है। कांग्रेस का सफाया होता रहा है। बिहार में भी सफाया हो गया।
नतीजे जमीनी हकीकत के विपरीत: दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह नतीजे चुनाव आयोग और भाजपा के गठबंधन की साजा मेहनत है। आचार संहिता के बीच महिलाओं के खाते में रुपए डालकर चुनाव को प्रभावित किया गया। चुनाव आयोग मूकदर्शक बना रहा। हजारों स्पेशल ट्रेन चला कर दूसरे राज्यों से मतदाता ढोकर लाए गए। चुनाव आयोग आंखें मूंदे रहा। बिहार के रिज़ल्ट जमीनी हकीकत के विपरीत है।
हार से सबक ले कांग्रेस : किरण देव
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने कहा कि कांग्रेस का रॉन्ग नैरेटिव नहीं चला। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए गठबंधन पर जनता के भरोसे की है। छत्तीसगढ़ प्रभारी नितिन नबीन को भी जीत की बधाई प्रदेश भाजपा ने दी है। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मिल रही लगातार हार से सबक लेना चाहिए।
तोड़ा एंटी इंकम्बेंसी का मिथक : साय
एनडीए की जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दुनिया को लोकतंत्र की शिक्षा देने वाले बिहार का जनादेश, लोकतंत्र और सुशासन की जीत है। बिहार की जनता ने इस बार अन्य तमाम चुनावों से अधिक बड़ी जीत देकर चुना है। ऐसा देखा जाता है कि कई बार सत्ता में रहने में बाद सत्ताधारी दल को ‘एंटी इंकम्बेंसी’ झेलना पड़ता है। भाजपा शासित राज्यों ने इस मिथक को भी तोड़ दिया है। भाजपा गठबंधन ने यह साबित किया है कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतर कर आप बार-बार आशीर्वाद पा सकते हैं। बिहार में फिर से डबल इंजन की सरकार का विकास दौड़ेगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त को जीत का श्रेय : भूपेश
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि एनडीए गठबंधन के लिए बिहार चुनाव परिणाम का श्रेय मुख्य चुनाव आयुक्त को जाता है। ऐसा सिर्फ चुनाव आयोग कर सकता है। साफ संकेत है कि हरियाणा, महाराष्ट्र में हुआ वही बिहार में हुआ है। जो महाराष्ट्र का स्ट्राइक था वहीं यहां भी दिखाई दिया, बिना मैकेनिज्म के यह संभव नहीं है। एनडीए गठबंधन की चुनावी सभाओं में कुर्सियां खाली थी, लेकिन परिणाम अलग आया।











