Advertisement Here

CG Lok Sabha News: छत्तीसगढ़ की इन सीटों पर महिलाओं के बीच सीधी लड़ाई, जानें सियासी रिपोर्ट

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों ने तीन-तीन सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारे हैं। विधानसभा चुनाव में महिलाओं के लिए घोषणा कर भाजपा इसका लाभ देख चुकी है। अब लोकसभा में प्रदेश की 11 में से 3-3 सीट देकर उनका प्रतिनिधित्व भी बढाने का प्रयास किया गया है। पिछली बार के लोकसभा चुनाव में दोनों ही दलों ने 2-2 महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया था। हालांकि भाजपा की दोनों और कांग्रेस की एक प्रत्याशी जीतने पर प्रदेश से 3 महिला सांसदों को संसद में प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। उनमें से भाजपा की दोनों सांसद रेणुका सिंह और गोमती साय अब विधायक हैं।

भाजपा ने कोरबा से सरोज पांडेय , जांजगीर-चांपा से कमलेश जांगड़े तथा महासमुंद से रूप कुमारी चौधरी को टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस ने कोरबा से ज्योत्सना महंत को दूसरी बार मौका दिया है, रायगढ़ से डॉ. मेनका देवी सिंह और सरगुजा से शशि सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने सरगुजा में पहली बार महिला प्रत्याशी पर भरोसा किया है। जबकि पिछली बार भाजपा ने सरगुजा से रेणुका सिंह, रायगढ़ से गोमती साय को और कांग्रेस ने कोरबा से ज्योत्सना महंत और दुर्ग से प्रतिमा चंद्राकर को टिकट दिया था।

पहली महिला सांसद मिनी माता कांग्रेस से

अविभाजित मध्यप्रदेश की जांजगीर लोकसभा सीट से 1957 में कांग्रेस ने सबसे पहले मिनी माता अगम को अपना उम्मीदवार बनाया था। मिनी माता ने यह चुनाव जीता और इसके बाद 1962 , 1967 तथा 1971 के आम चुनाव में इसी सीट से कांग्रेस की टिकट पर लगातार चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। कांग्रेस ने 1960 से 1990 के दशक के आम चुनावों में रायगढ़ लोकसभा सीट से राजपरिवार की महिलाओं को राजनीति में अवसर दिया। वर्ष 1967 में कांग्रेस ने रजनी देवी को टिकट दी , जिन्होंने यह चुनाव जीता। इसके बाद 1980 , 1984 और 1991 में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में पुष्पा देवी सांसद बनतीं रहीं।

वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद 2004 के आम चुनाव में भाजपा ने जांजगीर-चांपा सीट से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला को उम्मीदवार बनाया और वह चुनाव जीत गईं। इसके बाद 2009 और 2014 में कमला पाटले को टिकट दिया। पाटले दोनों बार यहां से निर्वाचित हुई। इसके बाद सरगुजा से रेणुका सिंह और रायगढ़ से गोमती साय भाजपा सांसद के तौर पर केंद्र में राज्य का प्रतिनिधित्व करतीं रहीं।

कोरबा में दोनों प्रत्याशी रह चुकी हैं सांसद

कांग्रेस ने इस बार कोरबा से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत की पत्नी ज्योत्सना महंत को दूसरी बार चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने पूर्व राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय को कोरबा सीट पर ज्योत्सना महंत के खिलाफ खड़ा किया है। स्थिति यह है कि पिछली बार दोनों दलों को मिलाकर तीन महिला सांसद प्रदेश को मिलीं थीं। इस बार भी यह उम्मीद बनी हुई है।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button