Advertisement Here

Weather Alert: 21 जिलों में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

छत्तीसगढ़ में बीती रात से कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। वहीं आज सुबह जब मौसम खुला तो कोहरा और ठंड ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी। इधर दुर्ग राजनांदगांव में रात के बाद दोपहर में भी तेज बारिश से शहर की रफ्तार थम गई। सरगुजा में जीरो विजिबिलिटी होने के कारण राहगीरों को गाड़ी धीमी गति से चलानी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार 26 जनवरी तक मौसम में किसी तरह के बदलाव के आसार नहीं है।

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण प्रदेश का मौसम बिगड़ा हुआ हैै। सभी जिलों में आंशिक बादल छाए हुए हैं। वहीं कहीं-कहीं बारिश भी हो रही है। बारिश के थमने के बाद प्रदेश में शीतलहर चलने का अनुमान है।

दुर्ग में शीतलहर का अलर्ट
वहीं अगले दो दिनों में रात का तापमान 9 डिग्री तक गिर सकता है। इसके साथ ही उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवा का प्रवाह अब छत्तीसगढ़ में बढ़ रहा है, जिससे दुर्ग संभाग में अगले कुछ दिन शीतलहर की स्थिति बन सकती है। रायपुर मौसम विभाग से जारी वेदर फोरकास्ट के मुताबिक अभी कुछ दिन ओस और कोहरे में बढ़त बनी रहेगी। इसके बाद 22 और 23 जनवरी को मौसम खुल सकता है। इस बीच दुर्ग जिले का अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम पारा 11 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

जारी हुआ 6 दिन का पूर्वानुमान
प्रदेश में ठंड और बारिश को लेकर मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। जिसके अनुसार रायपुर में 26 जनवरी तक मौसम ऐसा रही रहेगा। इधर बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। सरगुजा के मैनपाट में पारा 3 से 5 डिग्री तक पहुंच सकता है।

बनी दुर्घटना की आशंका
सर्द हवा और कोहरे की वजह से रात में चालकों को गाड़ी चलाने में काफी असुविधा हो रही है। नदी, नहर, तालाब, नाला सहित कई इलाके में कोहरे की वजह से मुख्य मार्गो की विजिबिलिटी कम हो रही है। सौ से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर चल रही गाड़ियां कई बार चालकों के नजर नहीं पड़ रही है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button