छत्तीसगढ़ तीसरा सबसे स्वच्छ राज्य, राष्ट्रपति ने अवॉर्ड देकर मुख्यमंत्री विष्णु को किया सम्मानित

स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर से अपना परचम लहराया है। आज दिल्ली में राज्य के पांच नगरीय निकायों रायपुर, पाटन, कुम्हारी, महासमुंद और आरंग को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में सबसे स्वच्छ राज्यों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने पुरस्कार ग्रहण किया।
इस अवसर पर नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. सहित प्रदेश के कई नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संभागीय व जिला समन्वयक तथा स्वच्छता दीदियां भी समारोह में मौजूद रहे।
पाटन को लगातार 3 वर्षों से मिल रहा अवॉर्ड
नगर पंचायत पाटन ने देश में हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में 5 स्टार रेटिंग हासिल किया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के लिए 1 लाख से कम आबादी वाले शहरों में पाटन को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। पाटन को लगातार 3 वर्ष से यह अवॉर्ड मिल रहा है। 11 जनवरी को दिल्ली में नगर पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप और मुख्य नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय अवॉर्ड प्राप्त करेंगे। उधर नगर पालिका बालोद एवं दल्लीराजहरा सहित नगर पंचायत गुंडरदेही, अर्जुंदा एवं चिखलाकसा का भी चयन स्वच्छता सर्वेक्षण में किया गया है। इन्हें कचरा मुक्त श्रेणी में वन स्टार मिला है।











