Chunav Result: अपने शहर के नए महापौर को जानिए, कितने वोटों से मिली जीत, देखें परिणाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगम में भाजपा ने कब्जा कर लिया है। कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। रायपुर से मीनल चौबे ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस की दीप्ति दुबे को उन्होंने डेढ़ लाख से ज्यादा वोटों से हराया है। इस जीत के साथ ही भाजपा में जश्न शुरू हो गया है। ढोल ताशे बजाकर आतिशबाजी की जा रही है।
दुर्ग में अलका बाघमारे ने दर्ज की जीत
दुर्ग में अलका बाघमारे ने 67000 वोट से कांग्रेस की प्रेमलता साहू को हरा दिया है। वहीं धमतरी में रामु रोहरा ने 34085 वोटों से जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द हुआ था, जिसके बाद रोहरा का मुकाबला निर्दलीय प्रत्याशी से था। कोरबा में संजू देवी ने कांग्रेस की उषा देवी को 52,000 वोट से हराया। बिलासपुर में पूजा विधानी ने कांग्रेस के प्रमोद नायक को 66,179 वोट से शिकस्त दी।
रायगढ़ में चाय वाला बना मेयर
रायगढ़ में भी जीववर्धन चौहान ने जानकी काटजू को 36,365 वोट से हराया। राजनांदगांव में निखिल द्विवेदी बीजेपी के मधुसूदन यादव से हारे। जगदलपुर में भाजपा के संजय पांडेय ने मलकीत सिंह गैदू को शिकस्त दी। अंबिकापुर में मंजूषा भगत ने 11,063 वोटों से कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की को हराया। चिरमिरी में कांग्रेस प्रत्याशी विनय जायसवाल रामनरेश राय से 4000 वोटों से हार गए।
मुख्यमंत्री सीएम ने इस तरह जताया जनता का आभार
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने कहा- प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है। इस अभूतपूर्व जनादेश के लिए प्रदेश के मतदाताओं का आभार। भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने जिस तरह डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया, जिस तरह संगठन ने कुशल रणनीति के तहत इस चुनाव में भी भागीदारी की यह निर्णायक बढ़त उसी की है। भाजपा सरकार के कार्यों से जो जन विश्वास बढ़ा, वह जनादेश में बदलता दिख रहा है। हम और अधिक उत्साह के साथ जनाआकांक्षाओं पर खरा उतरने परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे। पुनः आभार।
यह हार दीप्ति की नहीं कांग्रेस की: मीनल चौबे
भाजपा महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने कहा, ये जीत भ्रष्टाचार के जनता के गुस्से की है। पिछले 15 सालों में कांग्रेस ने जनता को सिवाय धोखे के कुछ नहीं दिया। अब रायपुर का चौतरफा विकास होगा। उन्होंने कहा, दीप्ति चुनाव नहीं हारी हैं, कांग्रेस की हार हुई है।