कोल्ड वार… अगले 5 दिनों तक कई इलाकों में शीतलहर की चेतावनी

रायपुर. प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। सरगुजा संभाग के कई इलाकों में शीतलहर चल रही है। अगले 5 दिनों तक वहां शीतलहर चलने की संभावना है। इधर मध्य व दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी अच्छी ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक उत्तर व मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं आएगा। प्रदेश में नवंबर के दूसरे सप्ताह में शीतलहर चलना आश्चर्य करने वाला नहीं है। पिछले साल तो पहले सप्ताह में शीतलहर चल रही थी।

अंबिकापुर प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा रहा और वहां न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.3 डिग्री कम है। पिछले साल 1 नवंबर को अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रहा। जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री हो और सामान्य से 5 डिग्री कम हो तो यह शीतलहर की स्थिति होती है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। पिछले साल 1 नवंबर को रायपुर में पारा 14.3 डिग्री पर था। सुबह व रात में अच्छी ठंड पड़ने से लोग गरम कपड़े भी पहनने लगे हैं।

रायपुर: 3.50 लुढ़का पारा

रायपुर में पिछले तीन दिनों में पारा 3.5 डिग्री तक लुढ़का है। 8 नवंबर को न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री था। अब 15 डिग्री से नीचे आ गया है। पहाड़ी व मैदानी इलाकों में ऐसे ही तापमान लुढ़का है।

हालांकि पहाड़ी इलाकों में 4 से 5 डिग्री तक तापमान गिरा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम शुष्क है। इसलिए ठंड जारी रहेगी। खाड़ी में कोई सिस्टम नहीं है। इसलिए बादल भी साफ हैं और दिन-रात का पारा गिरने लगा है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button