DA Hike: छत्तीसगढ़ के सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों अब मिलेगा 58% महंगाई भत्ता, सीएम ने किया बड़ा ऐलान

DA Hike: छत्तीसगढ़ के सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी राहत की घोषणा की है। राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन में सीएम साय ने ऐलान किया कि अब राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) मिलेगा। अब तक यह भत्ता 55 प्रतिशत था।

DA Hike: केंद्र के समान मिलेगा भत्ता, कर्मचारियों में खुशी

मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद राज्य के लाखों कर्मचारियों और अधिकारियों में खुशी की लहर है। महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी से कर्मचारियों की मासिक आय में सीधा फायदा होगा। सरकार के इस फैसले को कर्मचारी हितैषी कदम माना जा रहा है।

चंद्रखुरी में प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा होगी स्थापित

इसी कार्यक्रम के दौरान चंद्रखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर से जुड़ा अहम अपडेट भी सामने आया। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि भगवान श्रीराम की नई प्रतिमा 14 जनवरी (मकर संक्रांति) के बाद चंद्रखुरी लाई जाएगी। प्रतिमा का निर्माण पूरा हो चुका है और मूर्तिकार का भुगतान भी कर दिया गया है।

विधि-विधान से होगी स्थापना

पर्यटन मंत्री ने बताया कि प्रतिमा रायपुर पहुंचने के बाद पूरे विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ इसकी स्थापना की जाएगी। चंद्रखुरी को भगवान राम का ननिहाल माना जाता है, जहां माता कौशल्या मंदिर परिसर में यह प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

पुरानी प्रतिमा को लेकर हुआ था विवाद

गौरतलब है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्थापित विशालकाय प्रतिमा के आकार और अनुपात को लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई थी। भाजपा सरकार बनने के बाद पुरानी प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए मध्यप्रदेश के ग्वालियर के मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button