Delhi CM: गुप्ता के हाथ दिल्ली की भाग्य रेखा, प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम और विजेंद्र गुप्ता स्पीकर

भाजपा ने दिल्ली में मुख्यमंत्री पद पर महिला कार्ड चलते हुए रेखा गुप्ता को कमान सौंपी है। पार्टी प्रदेश कार्यालय में बुधवार शाम 7.30 बजे आधे घंटे चली विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर सर्वसम्मति से मोहर लगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता (51) दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। सीएम पद के दावेदारों में एक प्रवेश वर्मा ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा,जिसे दूसरे दावेदार विजेंद्र गुप्ता ने अनुमोदित किया।

सूत्रों के मुताबिक प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम और विजेंद्र गुप्ता स्पीकर होंगे। विधायक दल की बैठक के बाद रेखा गुप्ता ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार बनाने का दावा किया। ऐतिहासिक रामलीला मैदान में गुरुवार को दोपहर 12 बजे रेखा गुप्ता शपथ लेंगी। देश का दिल समझे जाने वाली दिल्ली पर 27 साल बाद भाजपा सरकार बनाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से ही योजनाओं के जरिए महिलाओं का एक अलग वोटबैंक खड़ा करने में सफल रहे हैं। अपने तीसरे कार्यकाल में वह महिलाओं को नेतृत्व प्रदान करने के मिशन में जुटे हैं। उन्होंने पहले, महिला बिल पास कराकर महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त किया, अब दिल्ली की कमान भी महिला को सौंपकर देश की ‘आधी आबादी’ को स्पष्ट संदेश दिया है। भाजपा के इस दांव को आगामी बिहार चुनाव के मद्देनजर महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है।

‘मुझ पर विश्वास करने के लिए आभार’

दिल्ली भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्त्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।’

3सी पर एकदम फिट

रेखा गुप्ता कास्ट (वैश्य), क्लास (महिला) और क्रेडिबिलिटी (संघ के आनुषांगिक संगठन एबीवीपी) तीनों पैमान पर फिट बैठीं। आरएसएस ने भी रेखा के नाम पर मुहर लगाई। उनके मुकाबले कोई अन्य दावेदार एक साथ सबसे ज्यादा मोर्चों पर संदेश देता नजर नहीं आया।

1मुफ्त के वादे पूरे करना: भाजपा ने आप सरकार की मुफ्त बिजली, पानी आदि योजनाओं को जारी रहने का वादा किया है। जरूरतमंद महिलाओं को हर माह 2100 रुपए भी देगी, जो महिला दिवस पर 8 मार्च से खाते में पहली किस्त चली जाएगी। गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपए की अलग से आर्थिक सहायता का वादा भी है।

2वायु प्रदूषण से निपटना: दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। अभी तक दिल्ली और केंद्र में अलग सरकार होने के कारण इसकी जवाबदेही सुनिश्चित नहीं हो पाती थी। अब इस समस्या का स्थायी समाधान ढूंढना पड़ेगा।

3यमुना प्रदूषण दूर करना: यमुना का प्रदूषण बड़ा चुनावी मुद्दा रहा। पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल 2015 के चुनाव में सत्ता में आने पर यमुना प्रदूषण दूर करने का वादा किया था, जो पूरा नहीं हुआ। अब डबल इंजन सरकार के लिए यमुना की सफाई बड़ी चुनौती होगी।

4आप का मजबूत विपक्ष: भाजपा यह बात समझती है कि दिल्ली में आप की पकड़ बिल्कुल खत्म नहीं हुई है। सरकार कमजोर दिखी तो आप इसे भुनाना चाहेगी। विधानसभा और बाहर आप की तैयारी से निपटना होगा।

5एमसीडी आप के पास: एमसीडी आप के नियंत्रण में है। रोजमर्रा की समस्याओं के निराकरण की जिम्मेदारी एमसीडी के पास है। ऐेसे में सरकार को आप का सहयोग नहीं मिलेगा।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button