सेवा सेतु से जनता तक डिजिटल सरकार

Digital Government to the People through Seva Setu

समय-सीमा के भीतर राजपत्र प्रकाशन सेवा का सफल क्रियान्वयन

ऑनलाइन, पारदर्शी और त्वरित सेवाओं से मजबूत हो रहा सुशासन का मॉडल

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन को नई गति मिल रही है। शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं अब पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा सेतु के जरिए सरकारी प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण होने से आम नागरिकों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और सेवाओं की उपलब्धता अधिक सुगम एवं प्रभावी बन रही है।
इसी दिशा में दुर्ग जिले में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से राजपत्र (गजट) प्रकाशन सेवा के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन का एक उल्लेखनीय उदाहरण सामने आया है। नाम परिवर्तन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रकरण का निराकरण तय समय-सीमा के भीतर किया गया। इसके उपरांत आवेदक को सेवा सेतु के माध्यम से आधिकारिक राजपत्र प्रकाशन (गजट नोटिफिकेशन) उपलब्ध कराया गया। यह उदाहरण दर्शाता है कि सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध कराने में प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

’डिजिटल तकनीक से आसान हुई शासकीय सेवाएं’
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की नागरिक सेवाओं को एकीकृत किया गया है, जिससे आवेदन से लेकर सेवा प्राप्ति तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध हो गई है। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आई है, बल्कि नागरिकों का समय और संसाधन भी बच रहे हैं। शासन की यह पहल सेवा वितरण प्रणाली को अधिक जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

’सुशासन का मजबूत आधार बन रहा सेवा सेतु’
प्रदेश में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन, राजपत्र प्रकाशन सहित सैकड़ों शासकीय सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह पहल केवल सेवाओं के डिजिटलीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि पारदर्शिता, समयबद्धता और सुगमता के माध्यम से सुशासन की अवधारणा को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बन रही है। नागरिकों को घर बैठे सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सेवा सेतु प्रदेश में डिजिटल प्रशासन का एक प्रभावी और भरोसेमंद मॉडल बनकर उभर रहा है।

Back to top button