हर गांव का बनेगा वॉट्सऐप ग्रुप, मध्यप्रदेश में हो रहा ये प्रयोग, जानें वजह

देवास. मध्यप्रदेश के देवास जिले में हाइटेक पुलिसिंग पर जोर दिया जा रहा है। अब पुलिस सोशल मीडिया से जिले के सभी गांवों तक पहुंच बनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए हर गांव का वॉटसऐप ग्रुप बनाया जाएगा। थाना प्रभारी थाना क्षेत्रों में जनसंवाद करेंगे और नागरिकों को ग्रुप में जोड़ेंगे। पुलिसकर्मी भी इन ग्रुपों से जुड़ेंगे। पुलिस इस ग्रुप में साइबर, जागरूकता, यातायात सहित अन्य गतिविधियों व अभियानों की जानकारी देगी। साथ ही पुलिस को अपराधों के संबंध में भी इन ग्रुपों से मदद मिल सकेगी।
जिले के थाना क्षेत्रों के हर गांव का वॉटसऐप ग्रुप बनाने के साथ ही हर थाने पर एक प्रभारी अधिकारी तैनात किया जाएगा। संबंधित अधिकारी इस ग्रुप की मॉनीटरिंग करेगा। जागरूकता संबंधी जानकारी देने के साथ ही अपराधों की जानकारी मिलने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देंगे। जिला स्तर से भी इन ग्रुपों की निगरानी कर प्रतिदिन की रिपोर्ट ली जाएगी।