धान की कमाई से पूरे होंगे किसानों के सपने
Farmers' dreams will be fulfilled through earnings from paddy.

किसान लखिराम साहू ने एक ही दिन में बेचा 18 क्विंटल धान, ऑनलाइन टोकन से मिली सहूलियत
रायपुर/खेतों में दिन-रात मेहनत कर फसल उगाने वाले किसानों के लिए उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना केवल आर्थिक लाभ नहीं, बल्कि परिवार की खुशहाली और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों की सुविधा के लिए की गई धान खरीदी व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण परिवारों को आर्थिक मजबूती प्रदान कर रही हैं। इसकी प्रेरक मिसाल धमतरी जिले के ग्राम बोरीदखुर्द के किसान श्री लखिराम साहू हैं, जिन्होंने ऑनलाइन टोकन की सुविधा से बिना किसी परेशानी के एक ही दिन में 18 क्विंटल धान बेचकर अपनी अगली फसल और परिवार की जरूरतों के लिए आर्थिक संबल जुटाया है।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर को धान खरीदी के शुभारंभ के दिन श्री लखिराम साहू अपनी उपज लेकर सोरम धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। ऑनलाइन टोकन पहले से प्राप्त होने के कारण उन्हें धान विक्रय में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हुई। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एकमुश्त 18 क्विंटल धान का विक्रय किया। खरीदी केंद्र की सुव्यवस्थित व्यवस्था से संतुष्ट लखिराम साहू बताते हैं कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने किसानों का समय और श्रम दोनों बचाया है।
’दो एकड़ की खेती से परिवार की खुशहाली का सपना’
किसान लखिराम साहू के पास कुल दो एकड़ कृषि भूमि है। इनमें एक एकड़ जमीन ग्राम बोरीदखुर्द और एक एकड़ ग्राम पुरुर में स्थित है। सीमित कृषि भूमि के बावजूद वे मेहनत और लगन से खेती कर अपने संयुक्त परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनके परिवार में पत्नी, बेटा, बहू और दो स्कूली बच्चे हैं। खेती से होने वाली आमदनी ही परिवार की आवश्यकताओं और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने का प्रमुख आधार है।
लखिराम साहू बताते हैं कि धान बेचने से मिलने वाली राशि का उपयोग वे आगामी रबी फसल की तैयारी, खाद-बीज की व्यवस्था, घरेलू जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई में करेंगे। उनका मानना है कि खेती से प्राप्त आमदनी का सही उपयोग करने से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ अगली फसल की तैयारी भी समय पर की जा सकती है।
’शेष तीन क्विंटल धान पर भी मिलेगी अतिरिक्त राशि’
इस वर्ष लखिराम साहू के खेतों में कुल 21 क्विंटल धान का उत्पादन हुआ है। इनमें से उन्होंने 18 क्विंटल धान का विक्रय उपार्जन केंद्र में किया है। शेष तीन क्विंटल धान के संबंध में कृषक उन्नति योजना के तहत अतिरिक्त राशि मिलने की जानकारी से वे उत्साहित हैं। योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्रता होने पर शेष उपज के लिए भी राशि मिलने से परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। इससे खेती-किसानी और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत होगी।
’प्रधानमंत्री आवास और महतारी वंदन योजना से भी मिला सहारा’
लखिराम साहू के परिवार को खेती के साथ शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्का आवास प्राप्त हुआ है। वहीं उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के माध्यम से नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है। उनके बेटे और बहू के नाम से भी प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है। इसके अतिरिक्त उनकी बहू को भी महतारी वंदन योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। इन योजनाओं से परिवार को आवासीय सुविधा के साथ आर्थिक सुरक्षा का आधार मिला है। लखिराम साहू का कहना है कि शासन की योजनाओं से मिलने वाली सहायता उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में उपयोगी साबित हो रही है।
’खेती की मेहनत को मिल रहा सम्मान, भविष्य के प्रति बढ़ा भरोसा’
लखिराम साहू की सफलता की कहानी बताती है कि सीमित कृषि भूमि वाले किसान भी सुव्यवस्थित धान खरीदी, डिजिटल सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के सहारे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकते हैं। एकमुश्त धान विक्रय से मिली सुविधा ने जहां उन्हें राहत दी है, वहीं कृषक उन्नति योजना से अतिरिक्त सहायता की उम्मीद ने उनके उत्साह को बढ़ाया है। धान की फसल से होने वाली आमदनी अब उनके लिए केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करने का साधन नहीं, बल्कि अगली फसल में निवेश, बच्चों की अच्छी शिक्षा और परिवार के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत उम्मीद बन गई है।











