Advertisement Here

बड़ी खबर.. किसानों को मिलेगा 11 करोड़ रुपए का मुआवजा, जानें खाते में कब होगा ट्रांसफर

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि की मार झेलने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य के निर्देश पर सर्वे के बाद जिला प्रशासन मुआवजा का प्रकरण तैयार कर शासन को भेज दिया है। इसके मुताबिक ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से जिले में 7 हजार 648 किसानों के साढ़े 6 हजार हेक्टेयर की फसल खराब हुई है। राजस्व पुस्तिका के प्रावधानों के मुताबिक जिला प्रशासन ने 11 करोड़ 11 लाख 55 हजार 520 रुपए मुआवजा वितरण का प्रकरण तैयार किया है।

पिछले दिनों जिले में अचानक मौसम में बदलाव के बाद जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। धमधा के कई इलाकों के खेतों में बर्फ की परत बिछ गई थी। जिले के शेष हिस्सों में भी खेतों में जलभराव की शिकायत सामने आई थी। इससे चना और गेहूं के साथ उद्यानिकी और सब्जियों की फसल का खासा नुकसान हुआ था।

इसे देखते हुए राज्य शासन ने राजस्व पुस्तिका के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा की घोषणा करते हुए जिला प्रशासन को सर्वे के निर्देश दिए थे। इस पर जिला प्रशासन द्वारा मैदानी अमले से नजरी सर्वे कराया गया। जिसमें फसल क्षति की स्थिति के आधार पर मुआवजा का प्रकरण तैयार कराया गया है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने बताया कि यह रिपोर्ट राज्य शासन को भेज दिया गया है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही किसानों को मुआवजे की राशि मिल सकती है। अफसरों के मुताबिक वास्तविक प्रभावित रकबा व मुआवजा राशि आंशिक अंतर संभव है।

धमधा के किसानों को 10 करोड़ से ज्यादा

सर्वे व मुआवजा प्रकरण के मुताबिक ओलावृष्टि व बारिश से जिन किसानों की फसल प्रभावित हुई है उन्हें करीब 11 करोड़ 11 लाख 55 हजार 520 रुपए अनुदान के रूप क्षतिपूर्ति राशि वितरण किया जाएगा। इनमें सबसे ज्यादा धमधा क्षेत्र के किसानों को 10 करोड़ 99 लाख 78 हजार 100 रुपए मुआवजा राशि दी जाएगी। इसी प्रकार अहिवारा के किसानों को 7 लाख 27 हजार 600, बोरी के किसानों को 2 लाख 50 हजार 70 रुपए व पाटन के प्रभावित किसानों को 1 लाख 99 हजार 750 रुपए की मुआवजा राशि दिया जाएगा।

धमधा के 7548 किसानों को नुकसान

ओलावृष्टि की मार सबसे ज्यादा धमधा में रही। लिहाजा यहां के 7 हजार 548 किसानों के 6 हजार 469.3 हेक्टेयर क्षेत्र के चना, गेहूं, उड़द, मटर, सोयाबीन, सरसो, तिवड़ा, मसूर, टमाटर, केला, पपीता, खरबूजा व अन्य फसलों को नुकसान हुआ। इसी प्रकार अहिवारा तहसील में 44 किसानों के 42.80 हेक्टेयर क्षेत्र के चना व गेहूं को नुकसान पहुंचा। बोरी के 41 किसानो के 14.71 हेक्टेयर व पाटन में 15 किसानो के 11.75 हेक्टेयर के चने की फसल को नुकसान पहुंचा।

162 मकान भी क्षतिग्रस्त, 6.48 लाख मुआवजा

जिला प्रशासन के सर्वे के मुताबिक ओलावृष्टि से 162 मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। इन्हें 6 लाख 48 हजार रुपए मुआवजा मिलेगा। धमधा तहसील के विभिन्न गांवों में 155 मकान क्षतिग्रस्त हुए है। इससे प्रभावितों को 6 लाख 20 हजार रुपए मुआवजा राशि दी जाएगी। इसी प्रकार अहिवारा तहसील के 6 प्रभावितों को 24 हजार और बोरी तहसील में मकान क्षति से प्रभावित 1 व्यक्ति को 4 हजार रुपए क्षतिपूर्ति राशि दी जाएगी।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button