बेटी कोयल के जरिए अपने सपने को जी रहे पिता मिथुन बार, पढ़िए युवा सितारा की कहानी

कोलकाता. कोयल के पिता मिथुन बार हमेशा से भारोत्तोलक बनना चाहते थे, लेकिन आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण उन्हें अपने इस सपने को हमेशा के लिए भूलना पड़ा। लेकिन उन्होंने ठान लिया था कि वे अपने बच्चों के जरिए अपने सपनों को जिएंगे। इसके लिए उन्होंने अपने दोनों बच्चों को भारोत्तोलन की ट्रेनिंग दिलाना शुरू किया। अब उनकी 17 साल की बेटी कोयल बार ने अहमदाबाद में संपन्न हुई राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप में ना सिर्फ दो स्वर्ण पदक जीते, बल्कि विश्व रेकॉर्ड भी तोड़ दिया। बेटी कोयल की स्वर्णिम सफलता से मिथुन फूले नहीं समा रहे हैं।
वजन उठाते समय पिता की याद आई: कोयल
खिताब जीतने के बाद कोयल भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण उनके पिता की दुकान बंद हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद कभी भी हमें पैसों की कमी नहीं आने दी। यहां वजन उठाते समय, मुझे बस अपने पिता का चेहरा ही याद आ रहा था। मेरे पिता की कड़ी मेहनत के बिना इस मुकाम तक पहुंचना संभव नहीं था। आज इस मुकाम तक पहुंचने के लिए मैंने जो संघर्ष किया है, वह मेरे पिछले संघर्षों के सामने कुछ भी नहीं है।

बस यही तमन्ना… ओलंपिक में पदक जीते बेटी
कोयल के पिता मिथुन बार ने कहा, मैं भारोत्तोलन करता था और देश के लिए पदक जीतना चाहता था।, लेकिन मुझे ज्यादा सफलता नहीं मिली। इसलिए बेटी और बेटे को इस खेल में लाया। मैंने पदक जीतने के बाद बेटी से फोन पर बात भी की। मैं उसकी सफलता से बहुत खुश हूं। मैं चाहता हूं कि कोयल खूब तरक्की करे और ओलंपिक में देश के लिए पदक जीते।
नहीं छोड़ी कोई कसर
मिथुन की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन उन्होंने अपने बच्चों की ट्रेनिंग में कोई बाधा नहीं आने दी। उनकी डाइट और ट्रेनिंग का उन्होंने पूरा ध्यान रखा। कोयल ने 2018 से कोच अष्टम दास से ट्रेनिंग लेना शुरू किया था और उसके बाद राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते। फरवरी, 2023 से कोयल पटियाला में ट्रेनिंग कर रही हैं।
17 की उम्र में तोड़े दो विश्व रेकॉर्ड
कोयल ने 17 साल की उम्र में दो विश्व रेकॉर्ड भी तोड़ दिए। उन्होंने चैंपियनशिप में महिलाओं के 53 किग्रा यूथ वर्ग में कुल 192 किग्रा (स्नैच 85 किग्रा क्लीन एंड जर्क में 107 किग्रा) वजन उठाकर विश्व रेकॉर्ड बनाया। उन्होंने पहले 85 किग्रा वजन उठाकर यूथ विश्व रेकॉर्ड की बराबरी की। फिर, कोयल ने कुल 192 किलोग्राम वजन उठाकर 188 किलोग्राम के रेकॉर्ड को तोड़ दिया।











