Gold Loan: गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या में भी भारी इजाफा

नई दिल्ली. देश में सोने की ज्वैलरी को गिरवी रखकर लोन लेने वाली की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं, शादियों के सीजन के बीच सोने-चांदी के भाव आसमान छूने लगे हैं। बुधवार को जयपुर सराफा बाजार में शुद्ध सोना 700 रुपए बढ़कर 129400 रुपए प्रति दस ग्राम रहा और चांदी एक हजार रुपए की छलांग लगाकर 162600 रुपए प्रति किलो रही।
सराफा व्यापारियों ने कहा कि शादियों के मौसम के लिए स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की मांग बढ़ी है। उधर नवंबर की रिपोर्ट में आरबीआई ने सितंबर तक के आंकड़ों को जारी किया है, जिनसे पता चलता है कि बीते वर्ष की तुलना में सितंबर 2025 में सोने की ज्वैलरी को गिरवी रखकर कर्ज लेने में 114.88 प्रतिशत का उछाल आया है। सितंबर 2024 तक देश में 147081 करोड़ का लोन जारी हुआ था, जो इस वर्ष सितंबर तक बढ़कर 316042 करोड़ पर पहुंच गया है।
फेड रेट कट की 85 फीसदी उम्मीद!
विदेशी बाजार में सोने का भाव करीब 4130 डॉलर के आसपास रहा। अमरीका से आए कमजोर आर्थिक आंकड़ों की वजह से बाजार में यह उम्मीद बढ़ गई है कि फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरें कम कर सकता है। अमरीका में रिटेल सेल्स सिर्फ 0.2 फीसदी बढ़ीं, यानी खरीदारी बहुत कम हुई। वहीं अब बाजार को 85त्न यकीन है कि फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरें कम करेगा। फेड के दो अधिकारियों मिरान और वॉलर के हाल के बयान बताते हैं कि फेड आगे और भी ब्याज दरें घटाने की तरफ झुक सकता है।











