Good News: प्रदेश में 15 दिन में मिलेंगे उज्ज्वला योजना के तहत नए गैस कनेक्शन

रायपुर. केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 2 लाख 23 हजार नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन देने का लक्ष्य दिया है। इसकी मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय निर्देश पर नवीन उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग गाइडलाइन जारी कर दी है। आवेदन मिलने के बाद पत्र हितग्राहियों को 15 दिन में नया गैस कनेक्शन दिया जाएगा।

विभाग द्वारा जारी विस्तृत दिशा-निर्देश अनुसार, सभी जिलो में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला उज्ज्वला समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति जिले में योजना के क्रियान्वयन एवं प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण के लिए मॉनीटरिंग करेगी। पात्र परिवारों से नवीन गैस कनेक्शन के लिए 7 दिन में आवेदन लिए जाएंगे। जिले की गैस एजेंसियों द्वारा प्राप्त आवेदन पत्रों का परीक्षण एवं सत्यापन कराकर 15 दिन में नवीन गैस कनेक्शन जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें माना जाएगा पात्र

पीएमयूवाय के अंतर्गत नवीन गैस कनेक्शन देने के लिए पात्रता के मापदंड तय किए गए हैं। इसके अनुसार यदि परिवार का कोई भी सदस्य 10 हजार रुपए प्रति माह से अधिक कमाता हो, घर का कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी हो, सरकार के पास पंजीकृत गैर-कृषि उद्यम वाले परिवारों को शामिल नहीं किया गया है। इसी प्रकार किसान क्रेडिट कार्ड की 50 हजार रुपए से अधिक की क्रेडिट सीमा वाले किसान, सिंचाई उपकरण के साथ 2.5 एकड़ से अधिक सिंचित भूमि के स्वामी, दो या अधिक फसल मौसमों के लिए 5 एकड़ या अधिक सिंचित भूमि के स्वामी, कम से कम 7.5 एकड़ या इससे अधिक भूमि का स्वामी जिनके पास कम से कम एक सिंचाई उपकरण हो, 30 वर्ग मीटर से अधिक कार्पेट क्षेत्र वाले मकान के स्वामी, स्वयं की मोटर चालित तीन या चार पहिया वाहन अथवा मछली पकड़ने वाली नाव अथवा यंत्रीकृत तीन या चार पहिया कृषि उपकरण के मालिक एवं ऐसे परिवार जिनके पास पूर्व से ही एलपीजी कनेक्शन हों योजनांतर्गत लाभ पाने के लिए अपात्र होंगे।

नियद नेल्लानार योजना अंतर्गत आने वाले बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा जिलों में सर्वप्रथम हितग्राहियों को चिन्हांकित किया जाएगा। इन ग्रामों को विशेष प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत चिन्हांकित हितग्राहियों को उज्ज्वला गैस योजना के कनेक्शन दिए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाए जाने के लिए ऑयल कंपनियों के साथ समन्वय करते हुए सुगम नेटवर्क कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों का चयन कर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। योजनांतर्गत गैस कनेक्शन प्राप्ति के लिए शेष सभी 34 हजार 425 परिवारों के आवेदन चिन्हांकित ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित कर लिए जाएंगे। दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों के ई-केवाईसी के लिए कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों का चयन कर विशेष शिविर द्वारा उन्हें लाभांवित किया जाएगा।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button