सरकार जनजातीय समाज के लिए लगातार कर रही काम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

जगदलपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर में रविवार को कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकार बस्तर के जनजातीय समाजों के लिए लगातार काम कर रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाएं सीधे समाजों को सकारात्मक रूप से प्रभावित कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने धुरवा समाज और माहरा समाज के उन योद्धाओं को याद किया जिन्होंने बस्तर के लिए संघर्ष किया है। मुख्यमंत्री साय रविवार को बस्तर के दौरे पर थे।
जगदलपुर में उन्होंने धुरवा और माहरा समाज के भवनों का लोकार्पण किया। सीएम का एक दिन का यह दौरा बस्तर के समाजों को कनेक्ट करने वाला था। ऐसा इसलिए क्योंकि सीएम इन दो जनजातीय समाजों के बीच नहीं गए बल्कि उन्होंने अलग-अलग कई समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात भी की। सीएम का सोशल कनेक्ट दौरा रविवार को बस्तर में चर्चा का विषय बना रहा। वे धुरवा समाज के मंच पर हाथ में तीर-धनुष थामे दिखे वहीं माहरा समाज के कार्यक्रम में उन्हें जगतू माहरा के वंशजों ने साफा पहनाया।
इन कार्यक्रमों के बाद उन्होंने सर्व समाज के प्रतिनिधियों से सर्किट हाउस में मुलाकात करते हुए उनकी मांगें और समस्याएं जानीं। सीएम के साथ डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी यहां पहुंचे हुए थे।
समाज का प्रयास नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने धुरवा समाज के सदस्यों को नुआखाई मिलन समारोह की बधाई देते हुए कहा कि समाज का यह समन्वित प्रयास नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है, हम अपने पूर्वजों के स्थापित पम्पराओं का निर्वहन करते हुए इसे निरंतर संजोकर रखने के लिए संकल्पबद्ध हैं। कार्यक्रम को वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद बस्तर महेश कश्यप और विधायक जगदलपुर किरण देव ने भी सम्बोधित करते हुए धुरवा समाज के सदस्यों को नुआखाई मिलन समारोह की बधाई दी।











