हरतालिका तीज 26 को, तीन शुभ योग से पर्व अधिक मंगलकारी, शिव-पार्वती का होगा पूजन
यह व्रत भाद्र मास शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु के लिए रखती हैं।

Hartalika Teej: पति लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य का पर्व हरतालिका तीज 26 अगस्त मंगलवार को सर्वार्थसिद्धि, शोभन और गजकेसरी जैसे शुभ योग में मनाया जाएगा। यह व्रत भाद्र मास शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु के लिए रखती हैं।
ज्योतिषाचार्य पं. जागेश्वर अवस्थी ने बताया कि इस दिन महिलाएं अपने घर को सुंदर सजाकर शंकर-पार्वती की मूर्ति बनाकर पूजन करती हैं और रात्रि जागरण भी करती हैं। इस तिथि को हरतालिका इसलिए कहते हैं क्योंकि इसी दिन पार्वती की सखी उसे पिता के घर से हर कर घनघोर जंगल में ले गई थी। तृतीया तिथि की शुरुआत 25 अगस्त को दोपहर 12:39 बजे से होगी और ये 26 अगस्त दोपहर 12.40 बजे तक रहेगी।
26 अगस्त को उदया तिथि में पूजन प्रात: स्नान-ध्यान करके मुहूर्त सुबह 6 से 08:30 बजे तक रहेगा। गुरुवार को बुधवारी, अगसेन चौक स्थित कपड़ा मार्केट, पुराना बस स्टैंड, कोतवाली, सदर बाजार, सरकंडा आदि क्षेत्रों खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ रही। नए परिधान, गहने और चूड़ियों से लेकर सौंदर्य प्रसाधन के सामान की खरीदारी हुई। ऐसे में बाजार गुलजार रहे।

डेढ़ से पांच हजार तक की साड़ियों की मांग: …..
डेढ़ से पांच हजार तक की साड़ियों की मांग: तीज पर साड़ियों का नया कलेक्शन मार्केट में आया है। तीज पर रेशम वर्क की साड़ियां अधिक लुभा रही हैं। इसके साथ ही हरे रंग की साड़ियां भी खरीदी जा रही हैं। साड़ी कारोबारी ने बताया कि शिफॉन में प्रिंटेड साड़ियों की डिमांड है, चंदेरी और ऑर्गेजा साड़ियां भी महिलाएं पसंद कर रही हैं। डेढ़ से पांच हजार तक की साड़ियां अधिक बिक रही हैं।
पारंपरिक मेहंदी लगवा रहीं महिलाएं
तीज के लिए मेंहदी की प्री-बुकिंग प्रारंभ हो गई है। महिलाएं पारंपरिक मेंहदी के डिजाइन लगवाना अधिक पसंद कर रही हैं। वहीं तीज मेहंदी के लिए महिलाओं ने 2500 रुपए तक की रेट की प्री-बुकिंग भी कर रखी है। गोलबाजार, सरकंडा-सीपत मार्ग, बुधवारी बाजार में महिलाएं मेहंदी लगवाते हुए देखी जा सकती हैं।











