Heat Weather: रायपुर में लू जैसे हालात, सीजन में पहली बार पारा 42 के पार

राजधानी में सीजन में पहली बार पारा 42.9 डिग्री पर पहुंच गया। बढ़ी गर्मी के कारण लू जैसे हालात रहे। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा। यह प्रदेश में सर्वाधिक था। हालांकि वहां लू जैसे हालात नहीं रहे, और तपिश भी रायपुर से कम थी। रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े 3 डिग्री ज्यादा रहा। जबकि बिलासपुर में भी सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है। वहीं कहीं-कहीं पर अंधड़ के साथ बारिश होने के आसार है। राजधानी में बादल छंटते ही गर्मी ने लोगों को झुलसा दिया है। दोपहर में हवा के गर्म थपेड़ों से लोग बेहाल रहे। बाकी दिनों की तुलना में मुख्य सड़कों पर दोपहर में लोगों की आवाजाही कम रही। दरअसल इस सीजन में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी। हालांकि पिछले 10 सालों का रेकार्ड देखने से पता चलता है कि अप्रैल में पारा 44.7 डिग्री तक पहुंचता है। अप्रैल खत्म होने में अभी 10 दिन बाकी है। पारा पिछले रेकार्ड को तोड़ सकता है।

रात का तापमान 28.2 डिग्री रहा। यह तापमान भी सीजन में सबसे ज्यादा रहा और बीती रात काफी गर्म रही। यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा।

पेंड्रारोड में भी भीषण गर्मी

पहाड़ी क्षेत्रों से घिरे पेंड्रारोड में रविवार को लू चली। वहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.2 डिग्री ज्यादा रहा। गर्मी के दिनों में अगर अधिकतम तापमान 40 डिग्री है और सामान्य से 5 डिग्री अधिक है तो इसे लू चलना माना जाता है।

Sarita Tiwari

बीते 24 सालों से पत्रकारिता में है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय तक काम किया ।
Back to top button