ग्रैमी के मंच पर गूंजेगी भारत की स्वरलहरियां

साल 2026 के ग्रैमी अवॉर्ड्स की घोषणा हो चुकी है। अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों के बीच भारत के सुरों ने भी अपनी खास जगह बना ली है। रैपर केंड्रिक लैमर नौ नामांकन और और लेडी गागा सात नामांकनों के साथ सबसे आगे हैं, वहीं सितार वादक अनुष्का शंकर को ग्रेमी नामांकन मिला है, सरोद वादक आलम खान सहित तालवादक सारथी कोरवार को भी नामांकित किया गया है। वहीं, शंकर महादेवन के फ्यूजन बैंड ‘शक्ति’, सिद्धांत भाटिया के ‘साउंड आफ कुंभ’ व जैज पियानिस्ट चारु सूरी ने भी वर्ल्ड म्यूजिक की इस नॉमिनेशन लिस्ट में मौजूदगी दर्ज कराई है। विजेता का ऐलान 1 फरवरी को लॉस एंजेलिस में एक विशेष संगीत समारोह में होगा। सितार वादक पंडित रविशंकर की परंपरा को उनकी बेटी अनुष्का शंकर आगे बढ़ा रही है।

प्रयोगधर्मी सिंगर-कम्पोजर सिद्धांत भाटिया के एल्बम ‘साउंड्स ऑफ कुंभ‘ को ’बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम’ श्रेणी में नामांकन मिला है। यह प्रयागराज में लाइव रिकॉर्ड की गई ध्वनियों और वैदिक मंत्रों का अनोखा मिश्रण है। सभी नामों के बीच सबसे दिलचस्प नाम मदुरै में जन्मी और न्यूयॉर्क में सक्रिय जैज पियानो वादक चारु सूरी का रहा। जिनका रागों के जरिए नींद और शांति का अनुभव करवाने वाला एल्बम ’शयन’ ’बेस्ट कंटेम्प्ररेरी इंस्टूमेंटल एल्बम’ में नॉमिनेट हुआ है।
इंडो-जैज बैंड ‘शक्ति’ का भी धमाल
शंकर महादेवन के इंडो-जैज बैंड ’शक्ति’ को ’बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम’ श्रेणी में ’माइंड एक्सप्लोजन’ के लिए नामांकित किया गया है। वहीं, ’श्रीनीज ड्रीम’ ’बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस’ में नामांकित है। एल्बम 2024 के 50वें एनिवर्सरी टूर की लाइव रिकॉर्डिंग है, जिसमें जॉन मैकलॉफलिन, जाकिर हुसैन व गणेश राजगोपालन जैसे दिग्गज शामिल थे।











