मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल, बोड़ालाता में लौटी बिजली

Initiative by the Chief Minister's Camp Office: Power restored in Bodalata.

खराब ट्रांसफार्मर बदला गया, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति ग्रामीणों ने जताया आभार

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। इसी क्रम में जशपुर जिले के विकासखंड कुनकुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत दाराखरिका के आश्रित ग्राम बोड़ालाता में लंबे समय से बाधित विद्युत आपूर्ति को पुनः बहाल कर ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दाराखरिका के सरपंच ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि ग्राम बोड़ालाता में स्थापित ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही यह क्षेत्र हाथी प्रभावित होने के कारण अंधेरे में जंगली हाथियों की गतिविधियों तथा विषैले जीव-जंतुओं से खतरा बढ़ने की आशंका भी बनी हुई थी। बरसात का मौसम शुरू होने से पहले समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तत्काल संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश प्राप्त होते ही विद्युत विभाग ने त्वरित पहल करते हुए खराब ट्रांसफार्मर को बदल दिया, जिससे ग्राम बोड़ालाता में विद्युत आपूर्ति पुनः सुचारू हो गई है।

बिजली व्यवस्था बहाल होने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ है, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है।

उल्लेखनीय है कि बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की गई है। आमजन से प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे लोगों को त्वरित राहत मिल रही है और शासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।

Back to top button