कबड्डी वर्ल्ड कप: छत्तीसगढ़ की बेटी संजू के बेहतरीन खेल से भारत बना विश्व चैंपियन

छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए सोमवार को यहां लगातार दूसरी बार कबड्डी वर्ल्ड कप जीत लिया। यहां खेले गए फाइनल में भारतीय महिला टीम ने चीनी ताइपे को 35-28 से शिकस्त दी। खास बात यह है कि भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए खिताब जीता है। इससे पहले, 2012 में टूर्नामेंट की मेजबानी भारत के शहर पटना ने की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके टीम को शुभकामनाएं दीं।
दमदार प्रदर्शन से संजू बनी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष के इतिहास में यह पहला अवसर रहा जब राज्य के किसी भी कबड्डी खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया। मार्च 2025 में ही संजू देवी ने ईरान में आयोजित 6वीं महिला एशियन कबड्डी चैम्पियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया और कबड्डी वर्ल्डकप के लिए क्वालीफाई किया। बिलासपुर में संचालित बालिका आवासीय कबड्डी अकादमी की संजू देवी ने वर्ल्डकप के पहले मैच से ही अपने मंसूबे बता दिए कि न सिर्फ वह कबड्डी वर्ल्डकप हासिल करेंगी बल्कि इस पूरे टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करेंगी, इसी का नतीजा रहा कि उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।

रफ्तार रूकने वाली नहीं
सभी मैचों में संजू देवी ने अपने शानदार प्रदर्शन से बता दिया कि, अब उनकी रफ्तार यहीं नहीं रूकने वाली है। संजू देवी ने अपने पहले मुकाबले में थाईलैण्ड को 65-20, बांग्लादेश को 43-18, जर्मनी को 63-22, युगाण्डा को 51-16 से हराकर भारत को सेमीफाइनल में प्रवेश कराया। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला मजबूत ईरानी टीम से हुआ। इस मुकाबले में ईरान ने भारत को कड़ी टक्कर दी। संजू देवी ने पहले दो रेड असफल होने के बाद अपने सभी रेड में अंक हासिल किया और रक्षण में भी एक खिलाड़ी को डैश कर भारत को सेमीफाइनल मैच 33-21 के अंतर से जीत दिलाने में सफल रही।
फाइनल मुकाबले में संजू देवी के चैके से मिली भारत को बढ़त
सोमवार को खेले गए फाइनल मैच में टूर्नामेंट की सबसे फुर्तीली टीम चाईनीज़ ताईपे ने टाॅस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया, जिस पर संजू देवी ने मैच के पहले ही रेड से 1 अंक हासिल कर बता दिया कि, अब वह वर्ल्ड कप जीतकर ही आराम करेंगी। इस मुकाबले में एक दौर ऐसा भी था, जब दोनों ही टीमें बराबरी पर थीं। फिर संजू देवी ने एक साथ 4 खिलाड़ियों को पटखनी देकर चार अंक हासिल किया और भारत की बढ़त बनाई, और यह बढ़त भारत के लिए अहम साबित हुआ। इस तरह भारतीय महिला कबड्डी टीम ने लगातार दूसरी बार महिला कबड्डी का वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए सचिव, तथा संचालक खेल एवं युवा कल्याण ने संजू देवी तथा उनके कोच दिलकुमार राठौर को बधाई दिया।











