कड़ी मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं: सीएम साय

रायपुर. संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 35वीं रैंक प्राप्त करने वाली वैभवी अग्रवाल ने शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुलाकात की। सीएम ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैभवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। वैभवी की यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि कड़ी मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर वैभवी के पिता शीतल अग्रवाल और भाई विनायक अग्रवाल भी मौजूद थे।

सफल अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल पर की बात
सीएम ने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में सफल छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल के माध्यम से चर्चा कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। सीएम ने खरसिया निवासी रौनक अग्रवाल, रायपुर निवासी संजय डहरिया, धमतरी जिले के परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव तथा एमसीबी जिले के जनकपुर निवासी दर्शना सिंह से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने उनके परिवारजनों से भी संवाद करते हुए इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।










