गोल्ड लोन की तरह नए साल से चांदी गिरवी रख ले सकेंगे कर्ज

मुंबई. अगले साल से आप बैंक से चांदी पर भी सोने की तरह लोन ले सकेंगे। इसके लिए आरबीआई ने नया सर्कुलर जारी किया है। इसमें कुछ खास नियम बताए गए हैं जो 1 अप्रेल 2026 से लागू होंगे। इन नियमों से चांदी के बदले लोन लेना आसान हो जाएगा। आरबीआई के लोन अगेंस्ट बुलियन से जुड़ी नई गाइडलाइन में सिल्वर को भी शामिल किया गया है। पहले सिल्वर को इसमें शामिल नहीं किया गया था, क्योंकि इसके मूल्य में अस्थिरता ज्यादा होती है और इसकी क्वालिटी जांचना मुश्किल है। लेकिन नए साल से बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) को चांदी के गहनों या सिल्वर आइटम्स (शुद्ध चांदी, सिल्वर ज्वेलरी या सिल्वर कॉइन) के बदले लोन देने की अनुमति दी गई है।

क्यों जरूरी हुआ यह कदम

बीते कुछ वर्षों में चांदी की कीमतों में तेजी और इसका औद्योगिक इस्तेमाल बढ़ने से आरबीआई ने इसे लोन की श्रेणी में शामिल करने का रास्ता खोला है। चांदी का उपयोग अब सिर्फ आभूषणों तक सीमित नहीं, बल्कि सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और मेडिकल उपकरणों में भी होने लगा है। इससे इसका मार्केट वैल्यू स्थिर और भरोसेमंद बनता जा रहा है। आरबीआई का मानना है कि इससे ग्रामीण और छोटे शहरों के लोगों को वैकल्पिक फंडिंग का विकल्प मिलेगा, जो अपने पास ज्यादा सोना नहीं रखते।

कहां से मिलेगा लोन

सभी तरह के कमर्शियल बैंक जिसमें इनमें स्मॉल फाइनेंस बैंक और रीजनल रूरल बैंक भी शामिल हैं।

शहरी और ग्रामीण सहकारी बैंक के साथ एनबीएफसी और हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां सिल्वर लोन दे सकेंगी।

लंबे समय से हो रही मांग

बैंक अधिकारियों का कहना है कि चांदी के बढ़ते एक्सपोर्ट के बीच ज्वैलरी निर्माता बैंकों से चांदी की खरीद, चांदी के प्रोडक्ट और ज्वैलरी मैन्यूफैक्चरिंग के लिए लोन बढ़ाने को कह रहे हैं, क्योंकि इस सेगमेंट में लगभग 14-15त्न की वार्षिक वृद्धि है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button