झाड़ू थामकर मंत्री दयाल दास बघेल ने दिया स्वच्छता का संदेश
Minister Dayal Das Baghel conveyed a message of cleanliness by wielding a broom.

रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सामाजिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आज बेमेतरा में जिला स्तरीय भव्य स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर सिग्नल चौक से प्रताप चौक तक चले इस अभियान में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया।
हाथों में झाड़ू, सड़क पर मंत्री
कार्यक्रम का सबसे प्रेरक क्षण तब आया जब प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री दयाल दास बघेल स्वयं हाथों में झाड़ू लेकर सड़क पर उतरे। उनके साथ विधायक श्री दीपेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता दीदियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने सड़क के दोनों ओर सफाई कर स्वच्छता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।
स्वच्छता सामाजिक जिम्मेदारी, प्रतिदिन का संकल्प बनाएं : मंत्री बघेल
बेसिक स्कूल ग्राउंड स्थित गांधी भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्री बघेल ने कहा, स्वच्छता केवल सरकार का काम नहीं, यह हम सबकी सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिवेश से पर्यावरण का संरक्षण होता है, वहीं गंदगी से मानव स्वास्थ्य और जीव-जंतुओं पर विपरीत असर पड़ता है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान को एक दिन तक सीमित न रखकर प्रतिदिन का संकल्प बनाने का आह्वान किया।
सेवा पखवाड़ा : सेवा ही संकल्प
मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्वच्छता अभियान, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर जैसे सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव आया है, और छत्तीसगढ़ विकसित राज्य बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।
साइबर ठगी से रहें सतर्क
अपने संबोधन में मंत्री श्री बघेल ने साइबर अपराधों को लेकर भी चेताया। उन्होंने कहा, अनजान नंबरों से आने वाले कॉल और लिंक से दूर रहें, पैसे के लेन-देन वाले किसी भी झांसे में न आएं। सतर्कता ही सुरक्षा है।
कलेक्टर की अपील : गीला-सूखा कचरा करें अलग
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने स्वयं सफाई में भाग लेते हुए नागरिकों से अपील की कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालें, नालियों में कचरा न फेंकें और अपने मोहल्ले, वार्ड को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी लें।
गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में छ.ग. रजककार विकास बोर्ड अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, नगर पालिका बेमेतरा के अध्यक्ष श्री विजय सिंहा,जनपद पंचायत अध्यक्ष सुश्री हेमा दिवाकर, जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रेमलता पद्माकर, एसडीएम श्रीमती दिव्या पोटाई, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री अजय साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं।











