Nari Sakti: रायगढ़ घराने की नई पीढ़ी की ज्योति जला रही कथक की अलख

सरिता दुबे. रायगढ़ घराने का इतिहास बहुत समृद्ध रहा है। रायगढ़ घराने की नवोदित प्रतिभा की उड़ान देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करने वाली इस प्रतिभा का नाम है ज्योति वैष्णव, जो कथक के रायगढ़ दरबार की ज्योत हैं। रायगढ़ घराने की तीसरी पीढ़ी की ज्योति वैष्णव कहती हैं कि युवा वर्ग अब परंपराओं से जुड़ रहे हैं।

कुछ इसी तरह ज्योति भी राजा चक्रधर द्वारा कथक पर लिखे पांच ग्रंथों को सामने लाने के प्रयास में लगी हुई हैं। ज्योति कहती हैं कि मुगल शासकों के समय कथक के ग्रंथों में बहुत से उर्दू के शब्द भी आ गए, जबकि राजा चक्रधर ने जो कथक पर ग्रंथ लिखे थे, वो देवनागरी लिपि में थे। उसमें संस्कृत के शब्द थे। नई पीढ़ी को यह जानना भी बहुत जरूरी है,ं इस कारण ज्योति इन ग्रंथों को सामने लाने का प्रयास कर रही हैं।

ज्योति कहती हैं कि समय के साथ कथक नृत्य की प्रस्तुति में बदलाव दिख रहे है। पहले जहां कथक नृत्य में गायकी और वादन भी हुआ करता था अब वो एकल कथक नृत्य तक सीमित रह गया है। और यह बदलाव अच्छा भी है। अब बॉलीवुड और हॉलीवुड के गानों में भी कथक के ताल का इस्तेमाल हो रहा है। कथक में कोरियोग्राफी की डिमांड बढ़ रही है।

ज्योति अभी रायगढ़ घराने पर पीएचडी कर रही हैं। ज्योति के नाना फिरतु महाराज राजा चक्रधर के दरबार के प्रमुख नर्तक थे। उनके बाद उनकी बेटी वासंती वैष्णव और अब ज्योति ने इस परंपरा को बनाए रखा है। वासंती ज्योति की मां है। अभी वे बिलासपुर में नृत्य अकादमी चला रही हैं, जिसमें बच्चे गायन, वादन और नृत्य की शिक्षा ले रहे हैं।

शास्त्रीय संगीत से मिलती है शांति

आज की युवा पीढ़ी को मैं यही कहना चाहती हूं कि अब संगीत और नृत्य में भी अच्छा कॅरियर बनाया जा सकता है। हमारे शास्त्रीय नृत्य और गायन मानसिक शांति देते हैं, जबकि आज के गाने सिर्फ 2 पल ही अच्छे लगते हैं। उसके बाद तो वे सुने भी नहीं जाते हैं। ज्योति ने बताया कि नृत्य से कई महिलाओं में मानसिक बदलाव भी दिखे हैं, जो सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं और कई महिलाएं आत्मनिर्भर भी हुई हैं।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button