Nari Shakti: छत्तीसगढ़ की गोल्डन लेडी… 70 साल की उम्र में पावरलिटिंग में जीते 100 मेडल

बैकुंठपुर. उम्र तो एक नंबर है, यह कहावत को चरितार्थ कर रही हैं एमसीबी जिले के चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ की महिलाएं। वह उम्र की दूसरी पारी में सीखने की ललक, खुद की पहचान बनाने के जुनून से पावरलिफ्टिंग में सोना जीत रही हैं। इन महिलाओं की गोल्डन लेडी 70 साल की कमला देवी मंगतानी नेशनल और स्टेट पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 5 गोल्ड सहित 90 मेडल जीत चुकी हैं और अब नेशनल चैंपियनशिप के लिए तैयारी कर रही हैं। चिरमिरी की दो दर्जन और मनेंद्रगढ़ की आधा दर्जन महिलाएं जिम में पावरलिफ्टिंग, स्ट्रेंथ लिफ्टिंग और वेट लिफ्टिंग स्पोर्ट्स के लिए अभ्यास कर रही हैं।

स्ट्रॉन्ग वुमन संजीदा ने जीते 19 मेडल

54 साल की संजीदा खातून ने 8 ऑपरेशन कराकर और कई बीमारियों को मात देकर पावरलिफ्टिंग में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर 19 स्वर्ण पदक और छह बार छत्तीसगढ़ स्ट्रॉन्ग वुमन और तीन बार नेशनल स्ट्रांग वुमन का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टर ने स्पाइनल डिस्क के ऑपरेशन के बाद 2 किलो वजन उठाने से भी मना कर रखा था। लेकिन अपनी लगन और पहचान बनाने की दृढ़ इच्छाशक्ति से 210 किलो का भार उठा स्ट्रॉन्ग वुमन का खिताब हासिल किया है। इंडियन पावरलिफ्टिंग फेडरेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 72 और 205 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक के साथ भारत की स्ट्रॉन्ग वुमन मास्टर की ट्रॉफी जीत चुकी हैं। पिछले साल आयरन गेम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मास्टर वर्ग योग, पावरलिफ्टिंग और तवा फेंक में 3 स्वर्ण पदक जीती हैं।

इस तरह हुई शुरुआत

कमला देवी को बीते 45 साल से शुगर है। डॉक्टर ने पैदल चलने की सलाह दी थी, फिर धीरे-धीरे जिम जाना शुरू की। रोजाना अभ्यास और कड़ी मेहनत को देखकर जिम कोच अमित टोप्पो ने मनेंद्रगढ़ में जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया था। जिसमें पहली बार में ही गोल्ड मेडल जीती थीं। फिर उनके कदम नहीं रुके और स्टेट से लेकर नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर गोल्ड, सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। मोटिवेट करने के लिए कोच धर्मेंद्र दास, अमित टोप्पो, उदल को श्रेय दिया है।

SARITA DUBEY

बीते 24 सालों से पत्रकारिता से जुड़ी है इस दौरान कई बडे अखबार में काम किया और अभी वर्तमान में पत्रिका समाचार पत्र रायपुर में अपनी सेवाए दे रही हैं। महिलाओं के मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही है।
Back to top button