Nari Shakti: डॉ.रानी ने पक्षियों के लिए खोला अनोखा आईसीयू, जानिए

केरल की पशु चिकित्सक डॉ. रानी मारिया थॉमस ने पक्षियों के लिए एक आइसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) स्थापित किया है। उनकी इस पहल से वह न केवल पशु चिकित्सा क्षेत्र में बदलाव ला रही हैं, बल्कि लोगों को यह सिखा रही हैं कि जंगली और विदेशी पक्षियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी कितनी बड़ी है। वह कहती हैं यहां वह न केवल पक्षियों का इलाज करती हैं, बल्कि वन्यजीव प्रेमियों को निशुल्क प्रशिक्षण भी देती हैं।
दुर्लभ पक्षियों का इलाज
वह बताती हैं कि भारत लौटने के बाद, उन्होंने वर्ष 2021 में पक्षियों के लिए आइसीयू यूनिट स्थापित की। जहां मैकॉ, हॉर्नबिल और अन्य दुर्लभ पक्षियों का इलाज किया जाता है। यहां न केवल पशु-पक्षियों को दवाओं तक सीमित रखा जाता है बल्कि उनके पोषण और देखभाल पर जोर भी दिया जाता है। जानवरों के लिए यहां विशेष प्रकार के ग्रूमिंग और योगा सेशन भी आयोजित किए जाते हैं।

दिशा-निर्देशों का अभाव देखा
वह बताती हैं कि जब उनका मैकॉ (एक प्रकार का बड़ा तोता) बीमार हुआ था और उचित दिशा-निर्देश न मिल पाने के कारण वह बच नहीं सका। इस घटना ने उन्हें बदल दिया। उन्होंने पशु चिकित्सा विज्ञान को चुना और विशेष रूप से विदेशी जानवरों एवं पक्षियों के प्रति समर्पित होने का निर्णय लिया। अपने प्रशिक्षण की शुरुआत उन्होंने अबू धाबी के एक हॉस्पिटल से की।











